अमरूद-नींबू ने चमकाई किस्मत, इस किसान का सालाना मुनाफा है 5 लाख

उज्जैन | तराना के एक किसान ने परंपरागत फसलों से आगे बढ़ उद्यानिकी फसलों को भी अपनाकर खेती में सफल उदाहरण प्रस्तुत किया है। अमरूद और नींबू की फसल में उन्होंने पसीना बहाया और अब उनकी मेहनत सालाना बेहतर आमदनी का फल दे रही है। उद्यानिकी फसलों से वह सालाना करीब पांच लाख रुपए कमा रहे हैं। अब उनकी मेहनत को सार्वजनिक रूप से सम्मान भी मिलेगा।

बगीचा लगाया था

ग्राम खंडाखेड़ी निवासी किसान हरिशंकर देवड़ा ने वर्ष 2008 में शासन की फल क्षेत्र विस्तार योजना अन्तर्गत उद्यानिकी विभाग से अमरूद और नींबू के पौधे प्राप्त कर बगीचा लगाया था। कड़ी मेहनत व शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई पौधों की फसल ने सोने पे सुहागा जैसा काम किया। मात्र 10 वर्षों में 6 बीघा जमीन में कुल 250 क्विंटल अमरूद प्रतिवर्ष और 150 क्विंटल नींबू की बम्पर उपज से उन्हें सालाना 5 लाख रुपए मुनाफा प्राप्त हो रहा है। देवड़ा को आत्मा योजना के अन्तर्गत 26 जनवरी को वर्ष 2017-18 का श्रेष्ठ उद्यानिकी कृषक का पुरस्कार राशि 10 हजार रुपए कलेक्टर द्वारा प्रदाय की जाएगी।

पहले होता था सीमित मुनाफा
कृषक हरिशंकर ने बताया, पहले वह गेहूं, चना, सोयाबीन की परम्परागत खेती करते थे, जिससे उन्हें सीमित मुनाफा ही होता था। उस आय से परिवार का भरण-पोषण और बच्चों को स्तरीय शिक्षा दिलाने में उन्हें काफी कठिनाई होती थी। उद्यानिकी विभाग की सलाह से उन्होंने पारम्परिक खेती के अलावा फलोद्यान लगाया तब उन्हें बिलकुल भी उम्मीद नहीं थी कि उद्यानिकी फसल उनकी कृषि में चार चांद लगाने का काम करेगी। देवड़ा के पास कुल 11 बीघा कृषि भूमि है, जिनमें से 4 बीघा में वे अमरूद की फसल और २ बीघा में नींबू की फसल व शेष में पारम्परिक फसलें उगाते हैं, लेकिन उद्यानिकी फसल से हो रहे लाभ के मद्देनजर वे उद्यानिकी फसल के रकबे को और बढ़ाने का में विचार कर रहे हैं।

बहू भी बनी मिसाल
हरि शंकर देवड़ा की बहू संगीता महिलाओं के लिए मिसाल बनी हैं। संगीता ने कठोर परिश्रम से घर में पशुपालन के माध्यम से दूध का व्यवसाय शुरू किया है । उनके यहां 7 भैंसें और दो गाय हैं, जिनसे प्रतिदिन सुबह और शाम 25-25 लीटर दूध प्राप्त होता है। इसके अलावा गोबर से बनाई हुई प्राकृतिक खाद का उपयोग भी संगीता उनके खेतों में करती हैं। संगीता ने दूध का व्यवसाय भी शुरू किया है, जिससे वह आत्मनिर्भर बनी हैं।

Leave a Comment