शर्मसार कर देने वाली घटनाएं, उज्जैन में 3 जगह ज्यादती

उज्जैन | शहर के दो थानों में तीन दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए हैं जिनमें किशोरी, युवती और महिला को बदमाशों ने शिकार बनाया। दो मामलों में बदमाश पुलिस हिरासत में आ चुके हैं। वहीं दो महिलाओं सहित एक किशोरी से छेड़छाड़ भी हुई है।
पहली घटना : शास्त्रीनगर में किरायेदार ने बनाया किशोरी को शिकार
शास्त्री नगर में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी घर में अपने छोटे भाई बहनों के साथ अकेली थी। मां रिश्तेदारी में पंवासा गई थी। इसी का फायदा उठाकर किरायेदार जितेेन्द्र पिता शिवनारायण विश्वकर्मा निवासी शास्त्री नगर ने किशोरी के साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया। घर पहुंचे परिचित संजय पिता ब्रम्हानंद पाण्डे को को जब इसकी जानकारी लगी तो उसने एफआरवी को सूचना दी। नीलगंगा पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और किशोरी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार जितेन्द्र के खिलाफ 376 सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज करने के साथ मामला अजाक थाने को सौंपा गया है।

दूसरी घटना : मिलने बुलाया और कर दिया दुष्कर्म
केशवनगर नीलगंगा क्षेत्र में रहने वाली 19 वर्षीय युवती को पूर्व से परिचित शाकिब पिता सादिक निवासी लाल मस्जिद फव्वारा चौक ने मिलने के बहाने हरिफाटक ब्रिज के पास माधव गंज स्कूल बुलाया। यहां साकिब ने युवती को विवाह का प्रस्ताव दिया लेकिन युवती ने मां के नहीं मानने की बात कहते हुए इंकार कर दिया। जिसके बाद साकिब युवती को खण्डहर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया। शोर मचाने पर साकिब ने युवती को पुलिस बुलाने की धमकी दी और बाद में कहा कि किसी को बताया कि अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर दूंगा। घटना 26 मार्च की है जिसकी जानकारी युवती के परिजनों को दी तो उन्होंने महाकाल थाने पहुंचकर बलात्कार का प्रकरण दर्ज कराया।

तीसरी घटना : चाकू की नोंक पर अगवा कर दिया घटना को अंजाम
शास्त्री नगर में रहने वाली 30 वर्षीय विवाहिता को विशाल निवासी गुजरात चाकू की नोंक पर बच्चों के सामने घर से ले गया। महिला का पति बडऩगर में मजदूरी करने गया था। बदमाश विशाल ने महिला को बच्चों को मार देने की धमकी दी तो महिला उसके साथ चल दी। दोनों पैदल ग्राण्ड होटल के सामने धन्नालाल की चाल क्षेत्र में पहुंचे। यहां विशाल ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और मारपीट भी की फिर भाग गया। महिला ने यहां रहने वाले लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी और एफआरवी ने घायल महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। महिला के पति ने बताया कि विशाल सड़क बनाने का काम करता है और उसकी पत्नी भी मजदूरी करती है तभी से वह पीछे पड़ा था जिसके खिलाफ नीलगंगा थाने में शिकायती आवेदन भी दिया था। पुलिस ने विशाल को हिरासत में लिया है।

इनके साथ हुई छेड़छाड़ : रोहल खुर्द निवासी 22 वर्षीय महिला को घर में अकेला पाकर पड़ोसी लालजी पिता नानूराम माली घर में घुसा और हाथ पकड़ लिया। महिला ने इसकी शिकायत नागदा थाने में दर्ज कराई। वहीं सेमलिया नसर में विवाहिता के घर में पड़ोसी सादिक पिता सलीम खां बुरी नीयत से घुस गया और अश्लील हरकत करने लगा। शिकायत भेरूगढ़ थाने में दर्ज कराई। इसी प्रकार ग्राम कमठानी की किशोरी के साथ भी निर्मल उर्फ निमो ने छेड़छाड़ की।

Leave a Comment