महाकाल मंदिर में टीवी अभिनेत्री कनिका मान ने किए दर्शन, भस्म आरती में हुईं शामिल

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री कनिका मान मंगलवार तड़के उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने प्रातःकाल होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुबह करीब चार बजे मंदिर पहुंची अभिनेत्री ने नंदी हॉल में बैठकर पूरी भक्ति भावना के साथ आरती का दर्शन किया। इस दौरान वे भगवान शिव का ध्यान करती दिखाई दीं। आरती समाप्त होने के बाद उन्होंने मंदिर की परंपरा के अनुसार नंदी महाराज की पूजा-अर्चना की और उनके कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह की देहरी से भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

दर्शन के बाद कनिका मान ने बताया कि वह पहली बार उज्जैन के महाकाल मंदिर आई हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति उनकी विशेष आस्था है और भस्म आरती में शामिल होना उनके लिए बेहद खास और यादगार अनुभव रहा।

उन्होंने मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की और कहा कि यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ।

Leave a Comment