30 रोजों के बाद मनाई गई ईद: इंदिरा नगर ईदगाह में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग, नमाज के बाद गले मिलकर बांटी खुशियां; पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

उज्जैन में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उत्साह और धार्मिक भावना के साथ मनाया जा रहा है। रमजान के महीने के समापन के बाद सुबह से ही शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। इंदिरा नगर ईदगाह में खासा रौनक देखने को मिली, जहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग एक साथ नमाज अदा करने पहुंचे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं, जिससे पूरे माहौल में भाईचारे की झलक साफ दिखाई दी।

ईद को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। त्योहार से पहले ही पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। शांति बनाए रखने के लिए दंगा नियंत्रण से जुड़ी तैयारियों की भी जांच की गई, जिसमें पुलिस बल ने मॉक ड्रिल कर विभिन्न परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया।

ड्रिल के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, किसी भी अप्रिय स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने और क्षेत्र को सुरक्षित रखने जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस के जवान पूरे साजो-सामान के साथ तैनात रहे और वायरलेस सिस्टम के जरिए आपसी समन्वय भी सुनिश्चित किया गया।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अगर कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत नजदीकी थाने या डायल 100/112 पर सूचना दें।

शहर में एक ओर जहां ईद की खुशियां नजर आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी देखने को मिल रहे हैं, जिससे पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है।

Leave a Comment