महाकाल मंदिर पहुंचे मिलिंद सोमन और नितीश राणा: भस्म आरती में हुए शामिल, 2 घंटे नंदी हॉल में किया जाप

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार तड़के भस्म आरती के दौरान फिल्म अभिनेता मिलिंद सोमन और क्रिकेटर नितीश राणा ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। दोनों सुबह 4 बजे होने वाली आरती में शामिल हुए और विधि-विधान से पूजा कर आशीर्वाद लिया।

रात 2 बजे पहुंचे, नंदी हॉल में किया इंतजार

मिलिंद सोमन अपनी पत्नी अंकिता कोंवर के साथ, जबकि नितीश राणा अपनी पत्नी साँची मारवाह के साथ देर रात करीब 2 बजे मंदिर पहुंचे। आरती शुरू होने तक दोनों नंदी हॉल में बैठे रहे और करीब दो घंटे तक भक्ति में लीन नजर आए।

जाप और पूजन में दिखी आस्था

भस्म आरती के दौरान दोनों श्रद्धालु भगवान महाकाल का जाप करते रहे। इस दौरान उन्होंने नंदी जी का पूजन किया और उनके कान में अपनी मनोकामना भी व्यक्त की।

देहरी से दर्शन, जल अर्पित कर लिया आशीर्वाद

आरती के बाद मिलिंद सोमन और नितीश राणा ने मंदिर की देहरी से दर्शन किए। उन्होंने जल अर्पित कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।

मंदिर समिति ने किया सम्मान

दर्शन के दौरान महाकाल मंदिर समिति की ओर से दोनों का सम्मान भी किया गया।

“बाबा का बुलावा आया” — मिलिंद सोमन

मिलिंद सोमन ने कहा कि महाकाल मंदिर आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। वे लंबे समय से यहां आने की इच्छा रखते थे, जो अब पूरी हुई। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी भी काफी समय से दर्शन करना चाहती थीं और आज यह मनोकामना पूरी हो गई।

Leave a Comment