हत्याकांड का खुलासा: दोस्त ने ही की थी लखन मालवीय की हत्या, बहन से संबंधों के शक में ईंट से किया हमला

जूना नागदा में ईंट भट्टे के पास मिले 23 वर्षीय लखन उर्फ लाला मालवीय के शव मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि हत्या को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का दोस्त देव चन्द्रवंशी था। पुलिस के अनुसार, मृतक की बहन से प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद और शक के चलते आरोपी ने ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

14 जुलाई की शाम बाबू कबाड़ी के ईंट भट्टे के पास युवक का शव मिलने के बाद नागदा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। मौके पर पहुंची FSL टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान नई आबादी निवासी 23 वर्षीय लखन मालवीय के रूप में हुई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर मृतक के दोस्त 20 वर्षीय देव चन्द्रवंशी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment