विकसित कृषि संकल्प अभियान का उज्जैन जिले में शुभारंभ, 91 ग्राम पंचायतों में पहुंचेगी जैविक खेती और नवाचार की जानकारी; 12 जून तक चलेगा अभियान!

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ गुरुवार को ग्राम पंचायत बामोरा से हुआ। यह अभियान 12 जून 2025 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य किसानों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना है। इस अभियान के अंतर्गत कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों द्वारा गांव-गांव जाकर किसानों को जैविक खेती, जल संरक्षण, कृषि नवाचार और आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप संचालक कृषि आर.पी.एस. नायक, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जनप्रतिनिधि वीरेन्द्र आंजना, गोपाल जाट एवं सोयाबीन अनुसंधान केन्द्र, इंदौर के वैज्ञानिकों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर यादव ने जैविक खेती के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों से मुक्त खेती न केवल मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखती है, बल्कि जल बचत और जैव विविधता के संरक्षण में भी सहायक होती है। जैविक उत्पादों में पोषक तत्व अधिक होते हैं, जो मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।
यह अभियान उज्जैन जिले के 6 विकासखंडों की कुल 91 ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा। हर विकासखंड के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ग्राम बामोरा, तालोद, शंकरपूर, कालूहेड़ा, जवासियाकुमार और खजूरिया में शिविरों की शुरुआत हो चुकी है, जहां कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को नवीनतम तकनीक और योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
अभियान की तिथियों और स्थलों की सूची इस प्रकार है:
-
30 मई: भीमाखेड़ा, गोगाखेड़ा, आक्याजागीर, बरलाई, मनियावदा, दंगवाड़ा
-
31 मई: पिंगलेश्वर, भांडबड़ोदिया, रातडिया, अंबोदिया, सुमराखेड़ा, कायथा
-
1 जून: महुड़ी, सुहागपुरा, नायन, मड़ावदा, लोहाना, पिपलू
-
2 जून: हमीरखेड़ी, हासमपुरा, घट्टिया, सलामता, करंज, इटावा
-
3 जून: आक्यालिंबा, गोगापुर, नायन, नरेडीपाटा, पलसोड़ा, खरसोदखुर्द
-
4 जून: पिपल्याराघो, करोहन, मलीखेड़ी, भूतिया, इटावा, तिलावद
-
5 जून: जगोटी, लोटिया जुनार्दा, कंचनखेड़ी, रूपेटा, सुनेड़ा, बीसाहेड़ा
-
6 जून: मताना खुर्द, पालखंडा, कालियादेह, जेथल, सामनेरा, बघेरा
-
7 जून: रनायरा पिर, डेलची बुजुर्ग, निपानिया, भाटीसुडा, अमला, माधोपुरा
-
8 जून: नरवर, सूरजनवासा, नजरपुर, बिछड़ोदखालसा, लिम्बादीत, कनासिया
-
9 जून: सगवाली, कासोन, पिपलोदा सागोतीमाता, धुमाहेड़ा, बड़गावा, खरसोद कला
-
10 जून: खजुरिया रेहवारी, बाड़कुम्मेड, रामगढ़, गोयलाबुजुर्ग, कनार्टी, माकड़ोन
-
11 जून: नारायणा, झारड़ा, रामाबालोदा, नवादा, बीरगोधारनधीर, बंग्रेड
-
12 जून: ब्रजराजखेड़ी, गोंदिया, रूई, बोरखेड़ा भल्ला, करेड़ी, ढाबलाहर्दू, लसूड़ियाम
इस अभियान के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने तीन अलग-अलग रूट की तीन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित ग्राम पंचायतों तक जागरूकता फैलाएंगी।
उप संचालक कृषि आर.पी.एस. नायक ने जिले के समस्त किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर अवश्य उपस्थित होकर जागरूकता शिविरों का लाभ उठाएं और अपनी खेती को उन्नत, लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाएं।