- सिंहस्थ के लिए पुलिस को तैयार कर रहा प्रशासन: उज्जैन में पुलिस अफसरों की 21 दिन की खास ट्रेनिंग शुरू, 41 विषयों पर रहेगा फोकस; 117 अधिकारी बनेंगे “मास्टर ट्रेनर”
- उज्जैन में भस्म आरती में शामिल हुए बिहार के पूर्व डिप्टी CM विजय सिन्हा: नंदी हॉल में बैठकर किए दर्शन, महाकाल से मांगा आशीर्वाद
- महाकाल मंदिर में भस्म आरती: त्रिपुण्ड, त्रिशूल और डमरू से सजे बाबा, गूंजी ‘जय श्री महाकाल’
- उज्जैन में तपिश का प्रकोप: 40-41°C पर अटका पारा, अगले 4 दिन में और बढ़ेगी गर्मी; स्वास्थ्य विभाग सतर्क, हीट मरीजों के लिए विशेष वार्ड तैयार
- सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर सख्ती: मुख्य सचिव ने कहा—समय से पहले पूरे हों काम, बारिश से पहले बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करें; मेडिसिटी, सड़क और पुल निर्माण की भी समीक्षा की
गुजरात से आये श्रद्धालु के साथ महाकाल मंदिर में ये क्या हुआ
उज्जैन:गुजरात से पिता के साथ महाकालेश्वर दर्शन करने आये एक श्रद्धालु की दर्शन लाइन में लगने के दौरान इंदौरी बदमाशों ने जेब काटकर 35 हजार रुपये चोरी कर लिये। श्रद्धालु ने महाकाल थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाश की शिनाख्त करने के बाद तलाश शुरू की। दो में से एक बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा, जिससे चोरी के आधे रुपये पुलिस ने बरामद कर लिये हैं।
एसआई गजेन्द्र पचौरिया ने बताया 2 नवंबर को रंजीतभाई पिता कांतिभाई सोलंकी निवासी डी वाड़ी गऊ बड़ोदरा अपने पिता के साथ महाकालेश्वर मंदिर दर्शन करने आया था। मंगलवार दोपहर 3.30 बजे रंजीत अपने पिता के साथ दर्शन लाइन में लगा था उसी दौरान अज्ञात बदमाश ने कांतिभाई के पेंट की जेब में रखे 35 हजार रुपये चोरी कर लिये। रंजीत ने थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद महाकाल मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक बदमाश कांतिभाई के पेंट की जेब से रुपये निकालते दिखाई दिया।
उसकी तुरंत तलाश शुरू की गई और गेट नं. 1 से पकड़कर थाने लाकर पूछताछ शुरू की गई। एसआई पचौरिया के अनुसार पकड़ाये बदमाश का नाम सुनील पिता रामेश्वर प्रसाद (52 वर्ष) निवासी लसूडिय़ा इंदौर है। सुनील की तलाशी में उसके पास से 13200 रुपये बरामद किये गये। सुनील ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त दीपू निवासी इंदौर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। कांतिभाई की जेब से निकाले 35 हजार रुपये दोनों ने आधे-आधे बांट लिये थे। दीपू चोरी के आधे रुपये लेकर भाग निकला, जबकि सुनील पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गिरफ्त में आये जेबकट ने कबूला कि वह किसी की जेब काटते समय पर्स चोरी नहीं करता क्योंकि लोगों के पर्स में जरूरी कागजात होते हैं, लोगों को पर्स में रखे रुपये चोरी होने का इतना दुख नहीं होता जितना कागज गुमने का होता है।
पर्स चोरी होने पर लोगों को रोते देखा तो नियम बना लिया कि जेबकटी के दौरान पर्स चोरी नहीं करूंगा। जेबकट सुनील का एक नियम और भी है कि वह कभी रेलवे स्टेशन, ट्रेन, बस स्टैंड या बसों में जेबकटी नहीं करता। ऐसी वारदातों को सिर्फ मंदिर परिसर के आसपास ही अंजाम देता है।
इंदौर जायेगी टीम
सुनील को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस उसे रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ करेगी। इसके अलावा उसके साथी दीपू की तलाश में एक टीम को इंदौर भेजा जा रहा है। दोनों बदमाशों के इंदौर व उज्जैन में आपराधिक रिकार्डों की जांच भी की जा रही है।