- उज्जैन में त्योहारों से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च, टावर चौक से नीलगंगा तक निकला मार्च; होली, रंगपंचमी और रमजान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
- महाकाल में तड़के भस्म आरती, स्वस्ति वाचन के बाद खुले चांदी के पट: पंचामृत अभिषेक, रजत मुकुट-त्रिपुण्ड से दिव्य श्रृंगार; “जय श्री महाकाल” के जयघोष से गूंजा मंदिर
- उज्जैन में मंदिर क्षेत्र के पास युवक से मारपीट: युवती के साथ होटल जा रहा था, बजरंग दल ने रोका; मोबाइल में अश्लील फोटो-वीडियो होने का आरोप, पुलिस ने जब्त किया फोन
- महाकाल मंदिर में तड़के भस्म आरती, स्वस्ति वाचन के बाद खुले चांदी के पट: रजत मुकुट, त्रिपुण्ड और पुष्पमालाओं से सजे बाबा, “जय श्री महाकाल” से गूंजा परिसर
- एमपी बजट 2026-27: सिंहस्थ के लिए 13,851 करोड़ का प्रस्ताव, उज्जैन में 3,060 करोड़ के नए विकास कार्य; 4.38 लाख करोड़ के कुल बजट में सिंहस्थ और इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष फोकस
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम और अरब सागर की नमी से धुआंधार बारिश
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र उज्जैन में आकर लॉक हो गया। इस सिस्टम को अरब सागर से भी नमी मिली, इस वजह से शुक्रवार शाम पूरे शहर में धुआंधार बारिश हुई। रात 1.30 बजे फिर बारिश का दौर शुरू हो गया। लगातार दूसरे दिन तेज बारिश ने शुक्रवार को पूरे शहर को तर कर दिया। एक घंटे के भीतर एक इंच से अधिक बारिश शहर में रिकॉर्ड की गई। जिससे शहर में कुल बारिश का आंकड़ा भी 20 इंच पार हो गया। अब औसत बारिश का आंकड़ा पूरा करने के लिए लगभग 16 इंच बारिश की और दरकार है। मौसम विभाग ने शनिवार को शहर सहित उज्जैन जिले में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इधर रात 12.30 बजे इंदौर के यशवंत सागर डेम के दो गेट 3-3 फीट खोलने से उज्जैन के गंभीर डेम का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। शुक्रवार शाम डेम का लेवल घटकर 377 एमसीएफटी हो गया। गुरुवार को डेम का लेवल 388 एमसीएफटी था।
शुक्रवार सुबह 11.30 बजे से फुहारों के साथ बारिश की शुरुआत हुई। इसके बाद इतने घने बादल छा गए कि दोपहर 2 बजे से ही शाम 7 बजे जितना अंधेरा हो गया। तेज बारिश के बीच अंधेरा होने के कारण वाहन चालकों को दिन में भी हेड लाइट चालू रखकर गाड़ियां चलाना पड़ी। एक घंटे में ही पूरा शहर भीग गया। चामुंडा माता चौराहा, केडी गेट चौराहा, दानीगेट, कार्तिक चौक, हनुमान नाका, नईसड़क सहित कई इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। इसके बाद भी शाम तक रुक-रुक कर बारिश का दौर चलता रहा। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक ही 26 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बारिश के बाद उमस बढ़ गई। जिससे दिन के तापमान में भी 4.0 डिग्री की बड़ी वृद्धि हुई। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा, जोकि सामान्य औसत तापमान से 3.3 डिग्री अधिक है। दिन में आर्द्रता 92 प्रतिशत होने से गर्मी के साथ भारी उमस भी बनी रही। दिनभर केवल 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। वहीं रात के तापमान में 0.2 डिग्री की मामूली गिरावट आई। गुरुवार-शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रहा, जोकि सामान्य औसत तापमान से 0.6 डिग्री अधिक है। बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम आगे बढ़ा है। इसके पीछे दो और सिस्टम बने हुए हैं। जिससे आने वाले 4-5 दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने शनिवार को पूरे जिले में तेज बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।