- महाकाल मंदिर का नंदी हॉल बदलेगा रूप, 20 लाख की लागत से होगा सौंदर्यीकरण; सावन से पहले पूरा करने की तैयारी
- महाकाल मंदिर में भस्म आरती के नाम पर फिर ठगी, गुजरात की दो महिलाओं से 42 हजार रुपए वसूले; पुलिस ने शुरू की जांच
- शनिचरी अमावस्या पर उज्जैन के शनि मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 24 घंटे में 1000 लीटर से ज्यादा तेल चढ़ा; घाटों से हटाए गए कपड़े और जूते-चप्पल
- “मैं पापा के साथ जाऊंगा…”: उज्जैन कोर्ट में मासूम की जिद के बाद पिता संग भैरवगढ़ जेल पहुंचा 4 साल का बच्चा
- बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम, कप्तान हरमनप्रीत कौर समेत खिलाड़ियों ने भस्म आरती में लिया आशीर्वाद
महाकाल मंदिर में दर्शन व्यवस्था में बदलाव:आज से शीघ्र दर्शन की सुविधा ऑनलाइन
आज से महाकाल मंदिर में दर्शन व्यवस्था में तीन तरह के बदलाव किए जा रहे हैं। इसके तहत श्रद्धालुओं को दर्शन करने में आसानी होगी, ज्यादा पैदल नहीं चलना पड़ेगा और लंबी लाइन में भी नहीं लगना पड़ेगा। साथ ही भस्मारती में भी अब एक हजार की जगह 1500 श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे। इसके लिए मंदिर के सॉफ्टवेयर को अपडेट कर दिया गया है। इस व्यवस्था को महाकाल मंदिर समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर आशीषसिंह ने हरी झंडी दे दी है।
शीघ्र दर्शन व प्रोटोकॉल के लिए अब ऑनलाइन अनुमति
सबसे बड़ी राहत श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन की सुविधा में मिलेगी। ये श्रद्धालु महाकाल मंदिर एप और अधिकृत वेबसाइट पर जाकर शीघ्र दर्शन पास ले सकेंगे। इसके लिए निर्धारित 250 रुपए का शुल्क भी ऑनलाइन ही देने की व्यवस्था कर दी गई है। इसमें डिजीटल अनुमति एसएमएस के तहत श्रद्धालु के मोबाइल पर मिलेगी। जिसे शीघ्र दर्शन काउंटर पर दिखाकर श्रद्धालु अंदर जा सकेंगे।
अभी तक शीघ्र दर्शन के लिए महाकाल मंदिर के काउंटर पर जाकर कूपन लेना होता था। इसमें कई बार लंबी लाइन लगती थी, जिससे अब राहत मिल जाएगी। प्रोटोकॉल वाले श्रद्धालु भी 100 रु. ऑनलाइन दान कर सुविधा ले सकेंगे। अभी यह दोनों सेवाएं मंदिर के काउंटर व प्रोटोकॉल कार्यालय से दी जाती है।
भस्मारती में अब 1500 श्रद्धालुओं को प्रवेश
भस्मआरती में श्रद्धालुओं की संख्या एक हजार से बढ़ाकर 1500 कर दी गई है। कलेक्टर आशीषसिंह ने कहा पुजारी, पुरोहित, ऑनलाइन, ऑफलाइन व प्रोटोकॉल से दी जाने वाली जो परमिशन संख्या है, उसमें उसी अनुपात में बढ़ोतरी होगी। ऑफलाइन की संख्या में ज्यादा इजाफा करेंगे ताकि आम श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
प्रोटोकॉल लेने वाले विभाग व अधिकारी का नाम दर्ज होगा
मंदिर समिति के प्रोटोकॉल कार्यालय से मिलने वाली अनुमति में कम्प्यूटर पर श्रद्धालु के नाम के साथ प्रोटोकॉल लेने वाले विभाग और अधिकारी का नाम भी लिखेंगे। अभी तक केवल दर्शन क्रम संख्या का जिक्र होता है। इसी आधार पर दान राशि लेकर रसीद दी जाती है। नई व्यवस्था से प्रोटोकॉल लेने वाले विभागों आदि का रिकॉर्ड दर्ज होगा, वहीं इस परमिशन का दुरुपयोग नहीं होगा। जिसे प्रोटोकॉल दिया गया है, वही दर्शन कर सकेंगे।
महाकाल मंदिर के सामने अन्नक्षेत्र में आएगा प्रोटोकॉल ऑफिस
प्रोटोकॉल से भस्मआरती और दर्शन की सुविधा देने के लिए नीलगंगा हाट बाजार परिसर में संचालित प्रोटोकॉल कार्यालय को शुक्रवार से रुद्रसागर में स्थित अन्नक्षेत्र में शिफ्ट कर दिया जाएगा। अब मंदिर के पास प्रोटोकॉल कार्यालय आने से श्रद्धालुओं को सुविधा के साथ इसकी निगरानी आसान होगी। यहां वीवीआईपी के लिए दो रूम भी संचालित किए जाएंगे। इसी परिसर में अभी 250 रुपए दान से शीघ्र दर्शन सुविधा का काउंटर भी संचालित हो रहा है। यहीं से पुजारी व पुरोहित भी परमिशन ले सकेंगे। इधर, मंदिर समिति का कंट्रोल रूम अब फेसिलिटी सेंटर-1 में शिफ्ट किया जा रहा है। मौजूदा भवन को मंदिर के विस्तार के लिए हटाया जा रहा है।