लालच में लुटे:सस्ता सोना खरीदने का झांसा देकर उज्जैन के 5 लोगों को रामनगर बुलाया

सस्ता सोना बेचने का झांसा देकर मध्यप्रदेश के उज्जैन की एक महिला सहित पांच लोगों को बूंदी के रामनगर बुलाया और नकली पुलिसवाले बनकर लाठी-डंडों से मारपीट कर 5 लाख रुपए लूट दिए। पांचों जैसे-तैसे जान बचाकर 10 किमी दूर सदर थाना पहुंचे। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई और मेडिकल कराया। दो लोगों के हाथ-पैरों में फ्रैक्चर हुए, जिन्हें बाद में छुट्‌टी दे दी गई। वहीं तीन को गंभीर चोटें नहीं आई।

वारदात बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे की है। लूट की पूरी साजिश रची गई थी। लुटेरों ने इन लोगों को झांसा दिया था कि उनके घर खुदाई में ढेर सारा सोना-चांदी निकला है। इसलिए वे गुपचुप इसे बहुत सस्ते में बेच रहे हैं। उन्होंने 100 ग्राम सोने के बिस्किट महज दो-दो लाख रुपए में बेचने का सौदा किया। इस लालच में ये लोग आ गए। असली दिखाकर पीड़ितों को सोने के नाम पर नकली बिस्किट थमा दिया गया।

लूट का शिकार होनेवालों में उज्जैन शहर के चिमनगंजमंडी के पीछे बजरंग नगर निवासी संतोष राठौर, पत्नी श्यामलता, साला किशन और दो दोस्त राहुल व्यास व संदीप हैं। मारपीट में जीजा-साले के हाथ-पैरों में फ्रैक्चर और सिर में चोटें आई हैं। बाकी तीन को गंभीर चोटें नहीं हैं। संतोष टेम्पो चलाता है। किशन, राहुल, संदीप छोटा-मोटा काम करते हैं। सस्ते सोने के लालच में अपनी कार गिरवी रखी और गहने बेचकर जैसे-तैसे 5 लाख रुपए का बंदोबस्त किया था।

पीड़ितों की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने मारपीट, धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। वारदात के बाद एएसपी, डीएसपी भी रामगढ़ पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। देर शाम तक पुलिस ने मुख्य आरोपी जयपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार कुल 2.20 लाख रुपए लूटे थे, इनमें से 2 लाख रुपए बरामद कर लिए गए हैं।

मैं, संदीप व किशन दोस्त हैं। उज्जैन में पड़ोस में घर है। 1 फरवरी को हम चित्तौड़गढ़ में सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए आए थे। मंदिर के गेट पर दो युवक आए और खाटूश्यामजी का रास्ता पूछा। मैंने रास्ता बता दिया। इनमें एक जयपाल ने बताया कि उसका सोने-चांदी का कारोबार है और सस्ते में बेचते हैं। मैं उसकी बातों में आ गया। अपना मोबाइल नंबर देकर हम उज्जैन लौट आए। यह बात मैंने किशन, संदीप को बताई। किशन ज्वैलरी शॉप पर काम कर चुका था, इसलिए सोने-चांदी के बारे में जानता था। किशन ने अपने जीजा संतोष, बहन श्यामा को सस्ते सोने की बात बताई।

उन्हें यकीन नहीं हुआ तो जीजा संतोष की जयपाल से मोबाइल पर बात करवाई। जयपाल ने उन्हें रामनगर आने को कहा। इस पर 13 फरवरी को संतोष, किशन, संदीप और मैं कार से बूंदी पहुंचे। हाइवे पर जयपाल कार लिए इंतजार कर रहा था। जयपाल उन्हें रामनगर ले गया। जयपाल का कहना था कि हमारे घर में सोने-चांदी का खजाना निकला है। इस बीच एक महिला दो थैलियां लेकर आ गई।

एक थैली में किलोभर सोने के जेवर, सोने के बिस्किट थे। दूसरी थैली में भी 8-10 किलो चांदी के गहने थे। जयपाल 20 हजार में 10 ग्राम सोना, 40 हजार रुपए में एक किलो चांदी बेचने को तैयार था। किशन सोना जांचने के लिए तेजाब साथ लाया था। किशन ने सोने का बिस्किट, चांदी के गहने तेजाब में डालकर चेक किए। वे असली थे। इस पर 6 लाख रुपए में 100-100 ग्राम सोने के तीन बिस्किट खरीदने का सौदा तय हो गया। हम पैसा लेकर आने की बात कहकर उज्जैन लौट आए। कार गिरवी रखकर और गहने बेचकर पांच लाख रुपए का बंदोबस्त किया।

लाठी-चाकू से हमला किया, हम जान बचाकर भागे

राहुल ने बताया कि 15 फरवरी को जयपाल को हमने बताया कि 17 फरवरी को आएंगे। जयपाल का कहना था कि दिन में आओगे तो गांववालों को शक हो जाएगा। रात तीन-चार बजे के बीच पहुंच जाना। 16 फरवरी की रात हम पांचों कार से रामनगर रवाना हुए। सुबह 5.30-6 के बीच हम बूंदी हाइवे पुलिया पहुंचे। यहां जयपाल व एक अन्य व्यक्ति कार लेकर खड़ा था। जयपाल हमें रामनगर अपने घर ले गया।

कमरे में तीन लोग व एक महिला मौजूद थी। महिला सोने का बिस्किट लेकर आ गई। हमने उसे तेजाब से डाल कर चेक किया तो असली निकला। श्यामा ने कार में रखे गए पांच लाख रुपए में से 2.85 लाख रुपए अपने पास रख लिए और 2.15 लाख रुपए लेकर कमरे में लौट आई।

जयपाल को पैसा देकर सोने के बिस्किट मांगे तो उसने एक ही बिस्किट दिया। उसका कहना था कि बाकी पैसे लेने के लिए उनके साथ उज्जैन चलेगा, जहां बाकी के दो बिस्किट भी पैसे लेकर दे देगा। तब तड़के 6.30 बज चुके थे। हम बार-बार जयपाल से बिस्किट मांगते रहे।

इसी बीच बाइक से दो जने पुलिस की वर्दी में पहुंचे। उन्हें देख जयपाल, वह महिला व अन्य लोग पुलिस आ गई, पुलिस आ गई, भागो-भागो…कहकर चिल्लाने लगे। वे लोग हमें कार के अंदर बिठाकर वहां से रवाना करना चाहते थे, जबकि हमारा कहना था कि हम क्यों भागें, हम कौनसा गलत काम कर रहे हैं? इसी बीच पुलिस की वर्दी में आए लोगों ने हमें डंडों से पीटना शुरू कर दिया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार :एसपी<

मुख्य आरोपी जयपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उससे लूटी गई 2 लाख रुपए की रकम बरामद कर ली गई है। बाकी 20 हजार रुपए बरामद करने का प्रयास जारी है।

-शिवराज मीणा, एसपी, बूंदी

Leave a Comment