- उज्जैन में दिव्यांग दंपती ने मांगी सुरक्षा, बोले- FIR के बाद भी आरोपी बेखौफ घूम रहे; कलेक्टर जनसुनवाई में लगाई न्याय की गुहार
- इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बहाने उज्जैन में हनीट्रैप, युवक का अपहरण कर अश्लील वीडियो से करोड़ों जैसी वसूली की कोशिश, 10 आरोपी गिरफ्तार
- नागदा के सरकारी कॉलेजों के छात्रों ने परिणाम पर उठाए सवाल, 47 विद्यार्थियों को कम अंक और सप्लीमेंट्री मिलने पर विश्वविद्यालय में किया प्रदर्शन
- दिल्ली छात्र प्रदर्शन के समर्थन में उज्जैन में विरोध प्रदर्शन: कैंडल मार्च के साथ 25 जुलाई को बड़े मार्च की तैयारी
- 'रक्तांचल-3' की स्टारकास्ट ने महाकाल मंदिर में किए दर्शन, भस्म आरती में शामिल होकर लिया बाबा का आशीर्वाद
समय पर सूचना से टल गया बाल विवाह:दुल्हन नाबालिग, पता चला तो बारात नहीं आई, लोग खाना खाकर चले गए
दानीगेट क्षेत्र में रविवार को एक नाबालिग की शादी हो जाती, दोपहर खाचरौद से बरात आने वाली थी लेकिन उससे पहले ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। लड़की के उम्र संबंधी दस्तावेज देखे और उसके बाद परिजनों को समझाइश दी कि नाबालिग की शादी करना गैरकानूनी है, आप सबको जेल जाना पड़ सकता है।
महिला बाल विकास की टीम ने दूल्हे सलमान व उसके घर वालों को फोन लगाकर लड़की के नाबालिग होने की जानकारी दी। इसके बाद दूल्हे ने कहा कि वह बरात लेकर नहीं आएगा। लड़की के घरवाले भी बोले- हम वादा करते हैं जब तक बेटी 18 साल की नहीं हो जाती शादी नहीं करेंगे।
दानीगेट क्षेत्र में स्थित
धोबियान मस्जिद के समीप मोहम्मद रफीक की नाबालिग बेटी का निकाह खाचरौद के सलमान से होने वाला था। सारे मेहमान आ चुके थे और शादी की दावत शुरू हो गई थी। बस दो घंटे बाद बारात आने का इंतजार था। इसी बीच महिला बाल विकास विभाग, विशेष किशोर ईकाई, चाइल्ड लाइन और महाकाल थाना पुलिस वहां पहुंची तो सब सकते में आ गए।
ऑनलाइन चैक किए लड़की की उम्र संबंधी दस्तावेज: टीम की रेखा वासनिक, प्रधान आरक्षक मंशाराम मुजाल्दे, अरूणसिंह, शशांक बनाफर, संतोष पंवार व सामाजिक कार्यकर्ता गौरव मित्तल ने लड़की के परिजनों से बात की। लड़की की उम्र संबंधी दस्तावेज भी ऑनलाइन चैक किए। कहा आपकी बेटी नाबालिग है। शादी नहीं कर सकते। लड़की वालों ने कहा- बरात आने वाली है, सबको क्या जवाब देंगे। टीम ने मौके पर ही वर पक्ष काे फोन लगाकर समझाइश दी तो दूल्हे ने कहा कि शादी रद्द करता हूं, बरात नहीं लेकर आऊंगा। इसके बाद लड़की वाले भी मान गए।
पहले कहा जन्मदिन है, कार्ड दिखाया तो निरुत्तर
लड़की के परिजनों ने पहले यह भी कहा कि हम तो जन्मदिन मना रहे है लेकिन कार्रवाई को पहुंची टीम ने शादी का कार्ड दिखाया तो घरवाले निरूत्तर हो गए। इसके बाद जितने मेहमान थे सभी शादी की दावत खाकर चले गए। कार्यक्रम चलता रहा पर शादी निरस्त हो गई। दूल्हा भी बारात नहीं लाया। पंचनामा बनाने के बाद टीम ने लड़की के घरवालों से कहा कि 18 साल की उम्र का ध्यान रखना। हम पता करते रहेंगे, इसके बाद भी अगर गलती कि तो कानूनी कार्रवाई होगी।लड़की वालों ने कहा शिकायत का मौका नहीं मिलेगा।
समय पर सूचना मिलने से रोक पाए बालविवाह
नाबालिब लड़की का निकाह किया जा रहा है यह सूचना मिलते ही हमने पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर भेज दी। बारात आने के पहले ही लड़के व लड़की दोनों के परिजन समझाइश से मान गए व शादी रद्द कर यह वादा किया कि लड़की के 18 साल की होने पर ही उसका निकाह करेंगे।
शाबीर अहमद सिद्दीकी, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग