विक्रम विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह 17 मार्च को, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे शिरकत

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

उज्जैन स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में मंगलवार, 17 मार्च को 30वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में होने वाले इस समारोह में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य रूप से शामिल होंगे।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। कुल 177 छात्र-छात्राएं दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले हैं। इनमें स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे।

सुबह 11 बजे शुरू होगा समारोह

दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार सुबह 11 बजे से किया जाएगा और कार्यक्रम लगभग दो घंटे तक चलेगा। समारोह को सुव्यवस्थित बनाने के लिए सोमवार को दो चरणों में रिहर्सल भी आयोजित की जाएगी, जिसमें पंजीकृत विद्यार्थी और आयोजन से जुड़े अधिकारी भाग लेंगे।

पीएचडी और मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान

विश्वविद्यालय की ओर से जानकारी के अनुसार पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले कुल 88 शोधार्थियों में से अब तक 75 ने समारोह में शामिल होने के लिए पंजीयन कराया है। वहीं स्नातक और स्नातकोत्तर के 103 विद्यार्थी भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इनमें 63 छात्र-छात्राएं पीजी और 40 विद्यार्थी यूजी वर्ग से हैं।

प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा

कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन भी तैयारियों में जुटा हुआ है। कलेक्टर रौशन सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उज्जैन दौरा केवल दीक्षांत समारोह तक सीमित नहीं रहेगा। उनके शहर में अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार वे शिप्रा विहार क्षेत्र में प्रस्तावित गीता भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। इसके साथ ही नानाखेड़ा क्षेत्र में इंदौर की प्रसिद्ध 56 दुकान की तर्ज पर बनाए गए नए फूड कोर्ट का उद्घाटन भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।

Leave a Comment