उज्जैन दौरे पर CM: सपत्नीक अंगारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का कियाअभिषेक; सेन समाज कार्यक्रम के बाद छिंदवाड़ा रवाना होंगे!

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार सुबह उज्जैन प्रवास के दौरान सपत्नीक अंगारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का अभिषेक किया। जन्मदिन के अवसर पर महाकाल की नगरी आए मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से बने पंचामृत से भगवान अंगारेश्वर का अभिषेक करते हुए प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में उनके आगमन के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री एक दिन पहले ही उज्जैन पहुंच गए थे और उन्होंने रात शहर में ही विश्राम किया। इस दौरान उनका कार्यक्रम लगातार व्यस्त रहा। बुधवार शाम वे हेलीपैड से सीधे आकाशवाणी केंद्र पहुंचे, जहां से उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित किया। अपने संदेश में उन्होंने राज्य सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी साझा की।

उज्जैन दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उनका अभिनंदन करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मुख्यमंत्री उज्जैन प्रेस क्लब भी पहुंचे, जहां वे अपने बड़े भाई नंदलाल यादव के सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने नए भवन की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव मिलने पर स्वीकृति देने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कालिदास अकादमी में आयोजित “दिल से कहो अपने मोहन जी है ना” कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले में चलाए गए स्वास्थ्य जांच अभियान की जानकारी साझा की गई, जिसमें 104 स्थानों पर करीब 26 हजार लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

गुरुवार को मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम मुरलीपुरा में आयोजित सेन समाज के कार्यक्रम में शामिल होना है। उज्जैन प्रवास के सभी कार्यक्रमों के बाद वे छिंदवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।

Leave a Comment