मिस इंडिया एक्सक्विजिट ईशा अग्रवाल पहुंचीं महाकाल: भस्म आरती में शामिल होकर किया पूजन, देश की खुशहाली की कामना

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

मिस इंडिया एक्सक्विजिट 2015 रह चुकीं ईशा अग्रवाल गुरुवार को उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। सुबह-सुबह मंदिर परिसर में पहुंची ईशा ने विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया और देश-विदेश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। भस्म आरती के दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच उनकी उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही।

ईशा अग्रवाल पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं। उन्होंने पीली साड़ी धारण की हुई थी, गले में फूलों की माला और माथे पर त्रिपुंड लगाए वे पूरी श्रद्धा के साथ भगवान महाकाल की भक्ति में लीन दिखीं। उन्होंने मंदिर में अभिषेक कर पूजा संपन्न की और कुछ समय तक मंदिर परिसर में ध्यान भी लगाया।

ईशा अग्रवाल का नाम देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट्स से जुड़ा रहा है। वे मिस इंडिया एक्सक्विजिट 2015 का खिताब जीत चुकी हैं, इसके अलावा उन्होंने मिस इंडिया इंटरनेशनल 2017 और मिस ब्यूटी टॉप ऑफ द वर्ल्ड 2019 जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिताब भी अपने नाम किए हैं। मॉडलिंग के क्षेत्र में पहचान बनाने के साथ-साथ वे हिंदी और साउथ इंडियन फिल्मों में भी सक्रिय हैं।

Leave a Comment