- सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया रामघाट क्षेत्र का निरीक्षण, कहा— विकास कार्यों का लाभ लंबे समय तक मिलेगा
- उज्जैन में ऑनलाइन जुड़ा देश, मोनी तीर्थ आश्रम में हुआ “विशेष श्री बालाजी सर्व ग्रह दोष शांति यज्ञ”; हर्षानंद और संतों ने दी आहुतियां
- पीएम की अपील और सीएम के निर्देश के बाद उज्जैन प्रशासन की नई पहल, अब एक ही वाहन से सिंहस्थ निरीक्षण पर निकल रहे अधिकारी
- महाकाल की नगरी में भक्ति का महासागर: शेषनाग मुकुट और मुण्ड माला में नजर आए बाबा महाकाल
- बाबा महाकाल की शरण में पहुंचीं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, भस्म आरती में हुईं शामिल
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया रामघाट क्षेत्र का निरीक्षण, कहा— विकास कार्यों का लाभ लंबे समय तक मिलेगा
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में प्रस्तावित सिंहस्थ 2028 को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे और रामघाट क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने हरसिद्धि पाल से रामघाट तक विकसित किए जा रहे मार्ग का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी कार्य तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महापर्व है। इसी को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में घाटों, मार्गों और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि आने वाले वर्षों में भी शहर को इन विकास कार्यों का स्थायी लाभ मिलता रहे।
“उज्जैन को लंबे समय तक मिलेगा विकास कार्यों का फायदा”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे निर्माण कार्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं हैं। सरकार का उद्देश्य यह है कि उज्जैन की धार्मिक और पौराणिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए शहर की यातायात और सार्वजनिक सुविधाओं को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों दोनों की सुविधा को ध्यान में रखकर घाटों का विस्तार और मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इससे आने वाले समय में शहर में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी और बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन आसान हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उज्जैन के जनप्रतिनिधि, विभिन्न धर्मों के अनुयायी और स्थानीय नागरिक जिस तरह विकास कार्यों में सहयोग कर रहे हैं, वह पूरे देश के लिए एक सकारात्मक उदाहरण है।
हरसिद्धि पाल से रामघाट तक चल रहे कार्यों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान हरसिद्धि पाल से रामघाट तक बनाए जा रहे मार्ग का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की प्रगति, चौड़ीकरण की स्थिति और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर बनाई गई योजनाओं की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्यों की गति में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। साथ ही गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
सिंहस्थ को देखते हुए घाटों और संपर्क मार्गों पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान है। ऐसे में प्रशासन अभी से इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने में जुटा हुआ है।
होमगार्ड के बाढ़ बचाव प्रशिक्षण का भी किया अवलोकन
रामघाट क्षेत्र के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होमगार्ड विभाग द्वारा आयोजित बाढ़ बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे जवानों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि 250 होमगार्ड जवानों को 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में डीप डाइविंग, नाव संचालन, स्विमिंग, लाइफ जैकेट के सही उपयोग, आपदा प्रबंधन उपकरणों के संचालन, अंडर वॉटर रेस्क्यू और सर्फेस वॉटर रेस्क्यू जैसी तकनीकों का अभ्यास कराया जा रहा है।
सिंहस्थ के दौरान लाखों श्रद्धालु क्षिप्रा नदी में स्नान करते हैं। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव दलों को पहले से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
सिंहस्थ को लेकर प्रशासनिक तैयारियां लगातार जारी
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय है। घाटों के विस्तार, सड़क कनेक्टिविटी, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर अलग-अलग विभाग लगातार काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण को प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है। सरकार का फोकस इस बात पर है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, सिंहस्थ मेला अधिकारी एवं संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजीपी राकेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।