उज्जैन में 3000 महिलाओं की बचत से हुआ 12 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन, दिया डेढ़ लाख का दहेज किट; हिन्दू महिला शक्ति संगठन ने रचाया 40 लाख का ऐतिहासिक विवाह आयोजन!

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति की मिसाल पेश करते हुए सनातनी सर्व समाज हिन्दू महिला शक्ति संगठन ने शुक्रवार को एक बड़े होटल में 12 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया। यह आयोजन इसलिए भी बेहद खास बन गया क्योंकि इसमें किसी बड़े कारोबारी या सरकार की मदद नहीं, बल्कि संगठन से जुड़ी 3000 महिलाओं ने अपनी व्यक्तिगत बचत को खर्च कर यह अद्वितीय आयोजन संभव किया।
जानकारी के मुताबिक, उज्जैन और आस-पास के क्षेत्रों से 12 वर-वधुओं का विवाह समारोह होटल अथर्व में संपन्न हुआ। विवाह समारोह के सभी परंपरागत अनुष्ठान—जैसे गणेश पूजन, हल्दी, महिला संगीत से लेकर बारात और सात फेरे—उसी स्थान पर पूरी भव्यता के साथ आयोजित किए गए। दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर आए और दुल्हनें पारंपरिक बग्गियों में सजी-संवरी दिखीं, जिससे पूरे आयोजन में राजसी छटा देखने को मिली।
संगठन की अध्यक्षा संध्या सोलंकी ने बताया कि हिन्दू महिला शक्ति संगठन का गठन इस उद्देश्य से किया गया था कि सनातनी परंपराओं को सहेजते हुए महिलाओं को सामाजिक नेतृत्व में आगे लाया जाए। इसी सोच के साथ 3000 महिलाओं ने स्वेच्छा से 1100 से लेकर 11000 रुपए तक की अपनी बचत राशि सामूहिक विवाह के आयोजन के लिए दी। कुल मिलाकर इस आयोजन पर लगभग 40 लाख रुपए का खर्च आया, जिसमें प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को डेढ़ लाख रुपए का विवाह सामग्री किट—जिसमें सोने का मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, सोफा, बर्तन, कपड़े आदि—उपहारस्वरूप दिया गया।
कार्यक्रम में भोजन की व्यवस्था भी अद्भुत रही, जिसमें नवविवाहितों के परिजनों सहित लगभग 3000 लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में जातिगत भेदभाव को खत्म करने का स्पष्ट संदेश दिया गया, क्योंकि सभी जोड़े विभिन्न जातियों और समुदायों से चयनित किए गए थे, जो भारतीय समाज के समरसता भाव को प्रकट करता है।
इस पूरे आयोजन में संध्या सोलंकी के साथ-साथ मोना शर्मा, कल्पना सुराणा, चेतना शर्मा, अंजू सुराना, मधु आर्य, दीपाली सोमानी, सुषमा यादव, कविता शर्मा, वंदना तिवारी और कीर्ति मोड़ की सक्रिय भूमिका उल्लेखनीय रही। बताया गया कि इस आयोजन की तैयारियां पिछले तीन महीनों से की जा रही थीं।