- चैत्र मास की पहली जत्रा शुरू, चिंतामण गणेश मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब; प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
- चंद्र ग्रहण के बाद धुलेंडी पर रंगों की बरसात, संतों से लेकर युवाओं तक छाया उत्साह
- भक्तों के लिए जरूरी अपडेट: महाकाल मंदिर में बदले आरती के समय, धुलेंडी के बाद लागू नई व्यवस्था!
- महाकाल दरबार में तड़के भस्म आरती: राजा स्वरूप में सजे बाबा, श्रद्धालुओं ने किए अलौकिक दर्शन!
- भस्म आरती में शामिल हुए पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, नंदी हाल में बैठकर किया महाकाल का जाप
तेज आंधी-बारिश के बीच पेड़ गिरा, युवक बाल-बाल बचा; घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में रविवार की दोपहर के बाद मौसम ने अचानक ऐसा रूप बदला कि पूरे शहर में हलचल मच गई। दिनभर की चुभती गर्मी और भारी उमस के बाद जैसे ही आसमान में काले बादल छाए, तेज हवाएं चलने लगीं और कुछ ही देर में जोरदार बारिश शुरू हो गई। इस बदलते मौसम के बीच देवास रोड स्थित अभिलाषा कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां एक युवक जितेंद्र आर्य की जान एक सेकेंड की सतर्कता से बच गई।
दरअसल, तेज हवाओं के बीच कॉलोनी में एक विशालकाय पेड़ अपनी जड़ों से हिलने लगा। जितेंद्र आर्य उस समय अपनी बाइक को बारिश से बचाने के लिए बाहर निकले थे। जैसे ही उन्होंने देखा कि पेड़ झुक रहा है, उन्हें खतरे का अहसास हुआ। बिना वक्त गंवाए वह तुरंत बाइक छोड़कर घर की ओर दौड़ पड़े और कुछ ही सेकंड बाद वह पेड़ वहीं गिर पड़ा, जहां वे खड़े थे। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जितेंद्र बाइक खड़ी करते और फिर भागते हुए नजर आते हैं, वहीं पेड़ अगले ही पल ज़मीन पर गिरता दिख रहा है।
इस हादसे ने न सिर्फ कॉलोनी के लोगों को चौंका दिया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि कैसे एक छोटी सी सतर्कता किसी की जान बचा सकती है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोग और पड़ोसी भी जितेंद्र की सूझबूझ की तारीफ करते नहीं थक रहे।
इधर, मौसम विभाग के अनुसार उज्जैन में बीते कुछ दिनों से तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, जिससे लोग बेहाल थे। रविवार दोपहर के बाद हुई बारिश और आंधी के कारण रात का तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर गया। रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार रात को 25.2 डिग्री और शुक्रवार को 23 डिग्री था। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह की हलचल भरे मौसम की चेतावनी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।