- उज्जैन में ‘स्कूल चलें हम’ अभियान की शुरुआत: तिलक लगाकर बच्चों का हुआ स्वागत, प्रवेश उत्सव में बांटी किताबें और साइकिल; कलेक्टर सहित अधिकारी पहुंचे स्कूल
- महाकाल के दरबार में बॉलीवुड सितारे: अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और डिंपल कपाड़िया ने किए दर्शन, नंदी के कान में कही मनोकामना
- वीरभद्र के कान में स्वस्ति वाचन के साथ शुरू हुई भस्म आरती: पंचामृत अभिषेक और भस्म अर्पण से साकार हुए महाकाल, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु!
- उज्जैन में महावीर जयंती पर भव्य शोभायात्रा: हजारों श्रद्धालु हुए शामिल, गूंजे ‘वीर प्रभु महावीर’ के जयकारे
- शेषनाग मुकुट और मोगरे के फूलों से सजे बाबा, भस्म आरती में दिखा दिव्य और अलौकिक स्वरूप
शिप्रा को निर्मल बनाने की अनोखी पहल — उज्जैन से शुरू हुई त्रिशूल शिवगण वाहिनी की प्रदक्षिणा यात्रा, संतों ने दिया जल संरक्षण का संदेश
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में रविवार को त्रिशूल शिवगण वाहिनी की ओर से आयोजित शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा का शुभारंभ धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक माहौल के बीच हुआ। रामघाट पर मां शिप्रा के विधि-विधान से पूजन और चुनरी अर्पण के बाद यह यात्रा प्रारंभ की गई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है — शिप्रा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाना और जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता फैलाना। यात्रा में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं सहित करीब 100 लोग शामिल हुए हैं।
संतों के सान्निध्य में हुआ शुभारंभ
प्रदक्षिणा यात्रा की शुरुआत जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर शैलेश आनंद गिरि और निर्मोही अखाड़ा के महंत ज्ञान दास महाराज के मार्गदर्शन में की गई। इस अवसर पर महंत विशालदास, महंत रामेश्वर दास, महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद, महामंडलेश्वर भागवतानंद गिरी, महामंडलेश्वर प्रेमानंद, स्वामी रंगनाथाचार्य, पूर्व विधायक पारस जैन, आदित्य नागर और सुरेन्द्र चतुर्वेदी सहित अनेक संत और श्रद्धालु मौजूद रहे।
उद्गम स्थल तक पहुंचेगी यात्रा
यह यात्रा शिप्रा नदी के उद्गम स्थल — ग्राम बोलासा, दकनासोडी और मुडला दोसर — तक पहुंचेगी। यात्रा 3 नवंबर को इन स्थलों से लौटकर सिमरोड, उन्हेल, आलोट, सिपावरा, शिप्रा-चंबल संगम, महिदपुर और नारायणा धाम होते हुए 5 नवंबर की शाम उज्जैन लौटेगी।
प्रदक्षिणा के दौरान हर प्रमुख पड़ाव पर सनातन पंचायत धर्म चेतना सभाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें “नदी, नारी और न्याय” जैसे विषयों पर संवाद होगा।
‘एक दीया शिप्रा के नाम’ से होगा समापन
5 नवंबर को रामघाट पर यात्रा का समापन ‘एक दीया शिप्रा के नाम’ अभियान के साथ किया जाएगा। इस विशेष आयोजन के माध्यम से श्रद्धालु मां शिप्रा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करेंगे और नदी को निर्मल बनाए रखने का संकल्प लेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि पर्यावरण और जल संरक्षण आंदोलन का प्रतीक है।