- श्रावण में उज्जैन आने वाले हर श्रद्धालु का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड, सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के लिए होगा देश का सबसे बड़ा सर्वे
- श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भस्म आरती शृंगार दर्शन 10-07-2026
- सिंहस्थ-2028 की तैयारी को मिलेगी नई रफ्तार, उज्जैन-झालावाड़ फोरलेन परियोजना को केंद्र से हरी झंडी
- नागदा में चंबल नदी का जलस्तर बढ़ा, चारों डैम हुए ओवरफ्लो; मां चामुंडा मंदिर तक पहुंचा नदी का पानी
- श्रावण में किस रास्ते से निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी? मार्ग को लेकर बढ़ी उत्सुकता, भक्तों ने प्रशासन से मांगी स्पष्ट जानकारी
उज्जैन में मान के कार्यक्रम के दौरान चली गोलियाँ: CCTV में कैद हुई घटना, जयराज ने लगाया पत्नी पर हत्या की साजिश का आरोप; पुलिस ने दो आरोपियों को लिया हिरासत में!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में बुधवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सामाजिक कार्यक्रम के बीच अचानक गोलीबारी हो गई। मामला शुभ लाभ गार्डन का है, जहाँ “मान” का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पटेल नगर निवासी जयराज सिंह पर एक स्विफ्ट कार चढ़ाने की कोशिश की गई। जब वह किसी तरह बचकर गार्डन की ओर भागे, तो कार में सवार बदमाश भी उनके पीछे-पीछे कार्यक्रम स्थल के अंदर घुस आए और फायरिंग शुरू कर दी।
इस हमले में जयराज सिंह और कार्यक्रम में शामिल एक महिला घायल हो गए। दोनों को तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली तो सीधे नहीं लगी, लेकिन फायरिंग से निकले छर्रे जयराज के पेट में और महिला के पैर में जा लगे। अस्पताल में भर्ती जयराज की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
CCTV में कैद हुई घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों को कार्यक्रम स्थल में घुसते और भगदड़ मचते हुए साफ देखा जा सकता है। फायरिंग की आवाजें और घटनास्थल पर दौड़ते लोग माहौल की भयावहता को बयां करते हैं। गोली चलने के कुछ ही देर बाद हमलावर फरार हो गए।
इस हमले के पीछे की कहानी और भी चौंकाने वाली है। अस्पताल में भर्ती जयराज सिंह ने मीडिया से कहा कि यह हमला उनकी पत्नी की साजिश का नतीजा है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी उनकी संपत्ति हड़पना चाहती है और पहले से ही उनके बीच पारिवारिक विवाद कोर्ट में लंबित है। जयराज के अनुसार, हमला उनकी पत्नी के भाई यश चौहान और वैभव चौहान के इशारे पर हुआ, जिसमें शैलू सिंह, सन्नी और दो अन्य बदमाश शामिल थे।
जयराज ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी का परिवार पहले भी उन्हें धमका चुका है और पिछले महीने भी उन पर हमले की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस में शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने दो आरोपियों को लिया हिरासत में
घटना की गंभीरता को देखते हुए कनाडिया पुलिस और सीएसपी सुमित अग्रवाल मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मौके से बरामद सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।