मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उज्जैन दौरा: बाबा जय गुरुदेव आश्रम में सत्संग में हुए शामिल, शराबबंदी, गौ सेवा और स्थायी सिंहस्थ क्षेत्र की ऐतिहासिक घोषणाएं; श्री अनंत नारायण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी पहुंचे CM!

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को एक दिवसीय उज्जैन प्रवास पर रहे, जहां उनका स्वागत ऐतिहासिक, आत्मीय और अभूतपूर्व उत्साह के साथ किया गया। डॉ. यादव शाम को जब दताना हवाई पट्टी पहुंचे, तो वहां पहले से ही मौजूद जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी भरा स्वागत किया। प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव समेत कई गणमान्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शाल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। इस दौरान संभागायुक्त संजय गुप्ता, एडीजीपी उमेश जोगा, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के शहर में प्रवेश करते ही नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के विभिन्न मार्गों पर कदम-कदम पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर डॉ. यादव का स्वागत किया। यह दृश्य एक उत्सव जैसा था, जिसमें हर उम्र के लोग हाथों में फूल लिए खड़े थे। मुख्यमंत्री ने जनता के इस प्रेम और सम्मान को अपने जीवन का प्रेरणादायक क्षण बताया और उज्जैनवासियों के स्नेह के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने प्रवास के दौरान मक्सी रोड स्थित बाबा जय गुरुदेव आश्रम में आयोजित संत उमाकांत जी महाराज के सत्संग में भाग लिया। उन्होंने गुरुदेव से आशीर्वाद प्राप्त कर अपने उद्बोधन में कहा कि “जय गुरुदेव, नाम परमात्मा” केवल शब्द नहीं बल्कि जीवन का सार है। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन से ही ज्ञान की प्राप्ति होती है और गुरु हमारे भीतर के अवगुणों को दूर कर हमें एक चरित्रवान और देशभक्त नागरिक के रूप में गढ़ते हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि नशा नाश का कारण है, इसलिए प्रदेश सरकार ने उज्जैन नगर निगम क्षेत्र सहित राज्य के 18 धार्मिक नगरों में शराबबंदी लागू की है। उन्होंने बताया कि सरकार गौ सेवा को भी प्राथमिकता दे रही है। इसके तहत प्रदेश में गौशालाएं बनाई जा रही हैं, और 25 गाय पालने वाले गौपालकों को 25% तक का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब राज्य सरकार गाय के दूध की खरीद भी कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश देश के कुल दूध उत्पादन का 9% हिस्सा देता है और सरकार इसे 20% तक ले जाने के लिए संकल्पित है, जिससे किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि हो।
डॉ. यादव ने यह भी बताया कि सिंहस्थ 2028 को अभूतपूर्व, दिव्य और स्थाई रूप से व्यवस्थित करने के लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। सिंहस्थ क्षेत्र को स्थायी रूप दिया जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में सत्संग और आध्यात्मिक गतिविधियां निरंतर चल सकें। इसके अलावा, गौहत्या पर उम्रकैद की सजा और खुले में मांस बेचने पर भी रोक लगाई गई है।
इसके बाद मुख्यमंत्री गोला मंडी स्थित श्री अनंत नारायण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सम्मिलित हुए, जहां उन्होंने भगवान श्री अनंत नारायण का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री पोरवाल समाज द्वारा आयोजित भजन संध्या में शामिल हुए। भजन गायिका प्रियंका गुप्ता ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, जनप्रतिनिधि संजय अग्रवाल, श्री अनंत नारायण ट्रस्ट के महेश चौधरी, द्वारकाधीश चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव से सत्संग श्रवण किया और धार्मिक वातावरण में पूर्ण समर्पण के साथ सहभागिता निभाई।