- महाकाल मंदिर में भस्म आरती: पंचामृत अभिषेक के बाद भस्म चढ़ी, गूंजा ‘जय श्री महाकाल’
- महाकुंभ जैसा होगा सिंहस्थ 2028, पार्किंग स्थलों का हुआ निरीक्षण: अधिकारियों के जारी किए निर्देश, कहा - घाट तक आसान पहुंच पर जोर
- महाकाल मंदिर पहुंचे मिलिंद सोमन और नितीश राणा: भस्म आरती में हुए शामिल, 2 घंटे नंदी हॉल में किया जाप
- तड़के महाकाल के कान में स्वस्ति वाचन, फिर खुला चांदी का पट! भस्म अर्पण के बाद साकार रूप में दर्शन
- सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज, इंदौर-देवास से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग पार्किंग और रूट प्लान तैयार करने के निर्देश; संभागायुक्त बोले- घाट निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयसीमा में काम पूरा करें
किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, 12 सितंबर को उज्जैन से किसान न्याय यात्रा की होगी शुरुआत; सचिन-दिग्विजय समेत कई दिग्गज नेता करेंगे किसानों की आवाज बुलंद!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। इसी क्रम में 12 सितंबर (गुरुवार) को उज्जैन में किसान न्याय यात्रा और विशाल जनसभा का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे और किसानों की परेशानियों को लेकर सरकार पर सीधा हमला बोलेंगे।
चिमनगंज मंडी में होगी सभा
जनसभा का आयोजन सुबह 11:30 बजे उज्जैन की चिमनगंज मंडी में किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह सभा केवल राजनीतिक नहीं बल्कि किसानों की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने का एक प्रयास है। जनसभा के बाद किसान न्याय यात्रा निकाली जाएगी, जिसके जरिए किसानों के अधिकार और मुआवजे की मांग उठाई जाएगी।
दिग्गज नेता होंगे शामिल
सभा में राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा और संजय दत्त जैसे दिग्गज नेता शामिल होकर किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरेंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने साधा निशाना
उज्जैन कांग्रेस जिलाध्यक्ष और विधायक महेश परमार ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश और प्रदेश की भाजपा सरकार वोट चोरी से बनी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले ही सबूतों और तथ्यों के जरिए इस सच्चाई को उजागर कर चुके हैं। अब कांग्रेस किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब तबके के हक की लड़ाई इस आंदोलन के जरिए लड़ेगी।
किसानों की समस्याओं पर होगा फोकस
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मध्यप्रदेश का किसान आज कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।
-
खाद-यूरिया संकट: कई जगह किसानों को खाद और यूरिया के लिए लाठियां झेलनी पड़ रही हैं।
-
बिजली संकट: बार-बार कटौती के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है।
-
फसलों का उचित भाव नहीं: सोयाबीन समेत अन्य फसलों का सही दाम किसानों को नहीं मिल पा रहा है।
-
फसल बीमा और मुआवजा समस्या: खराब फसलों पर न तो उचित बीमा राशि मिल रही है और न ही समय पर सर्वे हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सभा के बाद किसानों की सोयाबीन फसल का तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग का ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा जाएगा।
आंदोलन की शुरुआत उज्जैन से
महेश परमार ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ उज्जैन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस किसानों की आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने कहा – “किसानों पर लाठियां चलाने वाली भाजपा सरकार अपने वादों से पीछे हट चुकी है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ प्रदेशव्यापी संघर्ष करेगी।”