मेट्रिमोनियल साइट्स पर एक्टिव ‘क्राइम कपल’: 35 महिलाओं को ठगने वाला ‘लुटेरा दूल्हा’ गिरफ्तार, पत्नी भी निकली ठगी में शामिल!

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

उज्जैन पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें पति-पत्नी मिलकर महिलाओं की भावनाओं से खेलते हुए उन्हें आर्थिक रूप से बर्बाद कर रहे थे। यह मामला किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म से कम नहीं लगता। मुख्य आरोपी सचिन जगताप, जो खुद को अविवाहित और संपन्न दिखाकर महिलाओं से शादी का झांसा देता था, अब तक 35 से अधिक महिलाओं से लाखों की ठगी कर चुका है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस घोटाले में उसकी पत्नी नेहा शर्मा भी पूरी तरह से शामिल पाई गई है।

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 5 मई को हुई, जब दो महिलाएं — एक सरकारी नर्स और दूसरी स्कूल टीचर — बड़नगर एसडीओपी महेन्द्र सिंह परमार के पास पहुंचीं। दोनों ने बताया कि एक युवक, जिससे उनकी मुलाकात मेट्रिमोनियल साइट्स पर हुई थी, ने उन्हें शादी का वादा किया और फिर धीरे-धीरे भावनात्मक और आर्थिक रूप से फंसा लिया। युवक ने उज्जैन निवासी नर्स से 12 लाख रुपये और दूसरी महिला से 3.5 लाख रुपये के साथ एक कीमती मोबाइल फोन भी हड़प लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सचिन जगताप मुंबई का रहने वाला है और पहले भी कई शहरों में महिलाओं को इसी तरह अपना शिकार बना चुका है। बड़नगर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 24 मई को सचिन को इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए — सचिन अब तक 35 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है। उसका टारगेट अधिकतर तलाकशुदा, विधवा या अकेली महिलाएं होती थीं, जो विवाह के लिए गंभीर होती थीं।

सचिन का शातिर दिमाग यहीं नहीं रुका। पुलिस को पता चला कि उसकी पत्नी नेहा शर्मा भी इस ठगी की पूरी साजिश में शामिल थी। सचिन ने 2021 में नेहा से शादी की थी। यह शादी भी धोखे से हुई थी — शुरुआत में नेहा को भी सचिन ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और फिर मामला शांत कराने के लिए उससे विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों इंदौर में पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे।

लेकिन हैरानी की बात यह है कि नेहा, जो पहले खुद ठगी की शिकार थी, बाद में सचिन की ठगी में उसकी सहयोगी बन गई। वह महिलाओं से पैसे ऐंठने में मदद करती थी और फिर उन्हें फोन करके खुद को सचिन की पत्नी बताते हुए यह बताती कि सचिन कई महिलाओं के साथ ऐसा कर चुका है। यह कदम इसलिए उठाया जाता था ताकि महिलाएं कानूनी कार्रवाई से पीछे हट जाएं और समझें कि वे अकेली नहीं, ठगी का शिकार कई हैं।

बड़नगर थाना पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर पहले सचिन को गिरफ्तार किया और फिर उसकी पत्नी नेहा शर्मा को भी हिरासत में लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से नेहा को भेरूगढ़ जेल भेज दिया गया और सचिन को पुलिस हिरासत में रखा गया है।

Leave a Comment