उज्जैन में महाप्रभुजी की बैठक पर फाग महोत्सव: बरसाना की लठ मार होली और भक्ति के रंग में सराबोर हुए भक्त, श्रीकृष्ण की भक्ति में झूमे श्रद्धालु

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

उज्जैन की पवित्र धरा पर रविवार को वैष्णव संप्रदाय के महाप्रभुजी की बैठक में एक अलौकिक और भव्य फाग महोत्सव का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालु भक्ति और रंगों के अद्भुत संगम में सराबोर नजर आए। जैसे ही मंदिर परिसर में फाग गीतों की मधुर ध्वनि गूंजने लगी, भक्तजन स्वयं को श्रीकृष्ण की लीला भूमि ब्रजधाम में अनुभव करने लगे। इस पावन अवसर पर, सबसे पहले भगवान श्रीनाथजी को गुलाल और पुष्पों से होली खिलाई गई। मंदिर के गर्भगृह में जब केसरिया रंग और सुगंधित फूलों की वर्षा हुई, तो पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया। भक्तों ने श्रीकृष्ण के फाग गीत गाते हुए गुलाल उड़ाया, जिससे सम्पूर्ण परिसर रंगमय हो उठा।

बरसाना की लठ मार और लड्डू मार होली का आयोजन

महाप्रभुजी की बैठक में इस बार ब्रज की प्रसिद्ध लठ मार होली का जीवंत मंचन किया गया। युवा मंडल एवं महिला मंडल के सदस्यों ने ब्रज की गोपियों और ग्वालों की भव्य झांकी प्रस्तुत की। इस दौरान, बरसाना की सखियों ने गोपी रूप में लठ लेकर श्रीकृष्ण स्वरूप ग्वालों पर प्रहार किया, वहीं ग्वालों ने ढाल से अपने को बचाने का प्रयास किया। यह मनोरम दृश्य देखकर श्रद्धालु ब्रज की गलियों में होली खेलने का अनुभव करने लगे।

इसके साथ ही, लड्डू मार होली का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने भगवान को भोग अर्पण किए गए लड्डू आपस में उछालकर आनंद लिया।

श्रीकृष्ण की भक्ति में झूमे श्रद्धालु

मंदिर के फाग महोत्सव में श्री वल्लभ वैष्णव मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र शाह ने विशेष अतिथि नारायण यादव को प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष और राजेश सिंह कुशवाहा को मध्यप्रदेश रग्बी फुटबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सम्मानित किया।

आयोजन के संस्थापक संयोजक विजय नागर ने पुष्टिमार्गीय परंपरा में फाग उत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मयूर शर्मा की मंडली ने होली के पारंपरिक रसिया और कीर्तन प्रस्तुत किए, जिनकी धुन पर भक्तजन उमंग और श्रद्धा के साथ झूम उठे

धर्म और आस्था से सजा रंगों का उत्सव

मंदिर समिति के अनुसार, बसंत पंचमी से शुरू हुआ फाग महोत्सव होली तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रतिदिन श्रीकृष्ण और राधा रानी की विभिन्न झांकियां सजीव की जाएंगी और फाग गीतों का आयोजन होगा।

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित विशाल नीमा, अमित नागर, अमर दिसावल, वरुण नागर, मनीष नागर, राहुल नागर, रितेश नागर, जयेश श्रॉफ और रत्नेश नीमा ने बरसाने की सखियों के रूप में सजकर इस आयोजन को जीवंत बनाया।

वहीं, महिला मंडल की सदस्य नूपुर नीमा, वर्तिका नागर, मनीषा नागर, पल्लवी नागर, पवित्रा नागर, कविता श्रॉफ, ममता दिसावल, अदिति नीमा और दीपा नागर ने गोपी रूप धारण कर लठ मार होली में भाग लिया।

अंत में, संस्था सचिव आनंद पुरोहित ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए यह संकल्प लिया कि इस दिव्य परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए हर वर्ष इसे और भव्य रूप दिया जाएगा

Leave a Comment