विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के आयोजित भस्म आरती के दौरान भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। सुबह चार बजे होने वाली इस दिव्य आरती में उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ सहभागिता की।
मंदिर पहुंचने के बाद धनखड़ ने करीब दो घंटे तक नंदी हाल में बैठकर भगवान महाकाल का जाप किया। इसके बाद उन्होंने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर श्रद्धा भाव से आरती का दर्शन किया।
देहरी से जल अर्पित कर लिया आशीर्वाद
आरती उपरांत उन्होंने देहरी से ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए और भगवान को जल अर्पित किया। भस्म आरती की दिव्य परंपरा और व्यवस्था को उन्होंने विशेष श्रद्धा के साथ निहारा।
मंदिर समिति ने किया सम्मान
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
“महाकाल के दरबार में मिलती है अद्भुत शांति”
मीडिया से बातचीत में जगदीप धनखड़ ने कहा कि देश में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है और धार्मिक स्थलों पर बेहतर प्रबंधन एवं विकास कार्य सराहनीय हैं।
उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि महाकाल के दरबार में आकर मन को अद्भुत शांति का अनुभव होता है। उनके अनुसार यहां आने से अहंकार, ईर्ष्या और प्रतिशोध जैसी भावनाएं स्वतः समाप्त हो जाती हैं।