- महाकाल मंदिर का नंदी हॉल बदलेगा रूप, 20 लाख की लागत से होगा सौंदर्यीकरण; सावन से पहले पूरा करने की तैयारी
- महाकाल मंदिर में भस्म आरती के नाम पर फिर ठगी, गुजरात की दो महिलाओं से 42 हजार रुपए वसूले; पुलिस ने शुरू की जांच
- शनिचरी अमावस्या पर उज्जैन के शनि मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 24 घंटे में 1000 लीटर से ज्यादा तेल चढ़ा; घाटों से हटाए गए कपड़े और जूते-चप्पल
- “मैं पापा के साथ जाऊंगा…”: उज्जैन कोर्ट में मासूम की जिद के बाद पिता संग भैरवगढ़ जेल पहुंचा 4 साल का बच्चा
- बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम, कप्तान हरमनप्रीत कौर समेत खिलाड़ियों ने भस्म आरती में लिया आशीर्वाद
गुरुपूर्णिमा का महापर्व 10 जुलाई को: सांदीपनि आश्रम में होंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान, मंदिर की ध्वजा भी बदली जाएगी!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में गुरुपूर्णिमा का महापर्व 10 जुलाई को श्रद्धा, परंपरा और आध्यात्म की भावना के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर सांदीपनि आश्रम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और संस्कारों का आयोजन होगा, जहां भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के गुरु महर्षि सांदीपनि की परंपरा को जीवंत किया जाएगा। गुरुपूर्णिमा के दिन सुबह वेदपाठी ब्राह्मण महर्षि सांदीपनि, श्रीकृष्ण और बलराम की प्रतिमाओं का जलाभिषेक करेंगे। इसके पश्चात भगवान को नववस्त्र धारण कराए जाएंगे और मंदिर की ध्वजा भी बदली जाएगी, जो शुभता और नव ऊर्जा का प्रतीक मानी जाती है।
इस मौके पर बचपन से विद्या की ओर पहला कदम रखने वाले नन्हे बच्चों का ‘विद्यारंभ संस्कार’ भी किया जाएगा, जिसे हिंदू धर्म के 16 संस्कारों में से एक अत्यंत महत्वपूर्ण संस्कार माना गया है। बच्चों की पहली स्लेट (पाटी) और लेखन सामग्री का विधिपूर्वक पूजन किया जाएगा, जिसमें उनके माता-पिता भी श्रद्धा भाव से शामिल होंगे।
इसके साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी और विश्वविद्यालयों के कुलगुरु आश्रम में विधिवत पूजन और आरती करेंगे। शहर के गुरुकुल, वेद विद्यालयों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी गुरुओं का पूजन किया जाएगा और गुरुपाद सेवा वंदना का आयोजन होगा। वहीं, गायत्री शक्तिपीठ पर ‘सजल श्रद्धा, प्रखर प्रज्ञा’ के पूजन के साथ-साथ गायत्री मंत्र दीक्षा और अन्य वैदिक संस्कार भी संपन्न होंगे।
सांदीपनि आश्रम का महत्व इसलिए भी और बढ़ जाता है क्योंकि मान्यता है कि द्वापर युग में स्वयं भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और सुदामा ने यहीं रहकर शिक्षा प्राप्त की थी। गुरुपूर्णिमा पर गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की जो परंपरा है, वह यहीं से हजारों वर्षों से चली आ रही है। कलियुग में भी इस परंपरा को भक्तगण श्रद्धापूर्वक निभा रहे हैं।
पूरे आश्रम परिसर को फूलों और पारंपरिक सजावट से सजाया जाएगा, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण में डूबकर गुरु के महत्व को अनुभव कर सकें। इस दिन उज्जैन की धरती पर गुरुओं की वंदना, वेद मंत्रों की गूंज और शिष्य भाव की आस्था एक दिव्य समागम रचेंगे।