महाकाल की नगरी में गूंजा ‘जय हिंद’, उज्जैन में कांग्रेस ने निकाली जय हिंद तिरंगा यात्रा; सेना के सम्मान में हुआ शक्ति प्रदर्शन!

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

उज्जैन में रविवार को एक अनोखी और गरिमामयी दृश्य का साक्षी बना, जब भारतीय सेना के सम्मान में कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘जय हिंद तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। यह यात्रा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत आयोजित की गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य था – भारतीय सेना के पराक्रम, शौर्य और बलिदान के प्रति सम्मान प्रकट करना और जनता को यह संदेश देना कि सेना किसी एक दल की नहीं, पूरे देश का गौरव है।

इस भव्य तिरंगा यात्रा की शुरुआत महाकाल चौराहे से हुई, जहाँ भारी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लिए हुए जोश और देशभक्ति के नारों के साथ जुटे। यात्रा महाकाल की नगरी के हृदयस्थल से गुजरती हुई गुदरी चौराहा, पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग में आम जनता ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया, जिससे माहौल भावुक और गर्व से भर उठा।

यात्रा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ विधायक महेश परमार और मुरली मोरवाल भी कदम से कदम मिलाकर यात्रा में चले। स्थानीय नेतृत्व के रूप में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल, महिला कांग्रेस, सेवा दल, युवा कांग्रेस (युथ कांग्रेस), और एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ता तिरंगा लेकर देशभक्ति के रंग में रंगे नज़र आए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी इस यात्रा में उपस्थित रहे, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस संगठन पूरी एकता के साथ भारतीय सेना के समर्थन में खड़ा है।

Leave a Comment