सिंहस्थ को वैश्विक पहचान देने की तैयारी में मध्यप्रदेश सरकार, CM मोहन यादव ने उज्जैन में की तैयारियों की समीक्षा; अधिकारियों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश!

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज उज्जैन प्रवास पूरी तरह से धार्मिक, प्रशासनिक और संगठनात्मक गतिविधियों से भरा रहा। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम विक्रमादित्य संकुल भवन में उज्जैन-इंदौर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वर्ष 2028 में प्रस्तावित सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों की गहन समीक्षा की।

सिंहस्थ की तैयारियों की समीक्षा बैठक में उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, भाजपा नेता जगदीश अग्रवाल, कमिश्नर संजय जैन, उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह और इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है। ऐसे आयोजन की भव्यता और व्यवस्थितता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने पहले ही विभिन्न विभागों को स्वीकृति प्रदान कर कार्ययोजना लागू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, पशुपतिनाथ, नलखेड़ा, भोपाल सहित पूरा मालवा क्षेत्र सिंहस्थ के कार्य-क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है और इन क्षेत्रों में अधोसंरचना, सफाई, यातायात, जल आपूर्ति, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ कार्यों को और अधिक गति देने की आवश्यकता है, जिन्हें राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार के सहयोग से पूर्ण किया जाएगा।

बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भारतीय जनता पार्टी नगर संगठन द्वारा आयोजित नव नियुक्त मंडल पदाधिकारियों के परिचय और स्वागत समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन आस्था गार्डन में हुआ, जहां उज्जैन के सभी 12 मंडलों के अध्यक्षों और उनकी कार्यकारिणियों को औपचारिक रूप से मंच से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे सिंहस्थ जैसे भव्य आयोजन को जन-जन का उत्सव बनाने में सक्रिय योगदान दें।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने शहीद पार्क से फव्वारा चौक तक तिरंगा यात्रा में भाग लिया, जहां उन्होंने देशभक्ति के जयकारों के साथ आम जनता का उत्साहवर्धन किया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवजन और आम नागरिक सम्मिलित हुए।

जानकारी के लिए बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार देर रात उज्जैन के क्षीरसागर स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय फिरोजिया ट्रॉफी 2025 टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में भी पहुंचे थे। जहाँ समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने केवल खेल बजट को दोगुना किया है, बल्कि ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि को भी 50 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ कर दिया गया है।

Leave a Comment