- महाकाल मंदिर का नंदी हॉल बदलेगा रूप, 20 लाख की लागत से होगा सौंदर्यीकरण; सावन से पहले पूरा करने की तैयारी
- महाकाल मंदिर में भस्म आरती के नाम पर फिर ठगी, गुजरात की दो महिलाओं से 42 हजार रुपए वसूले; पुलिस ने शुरू की जांच
- शनिचरी अमावस्या पर उज्जैन के शनि मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 24 घंटे में 1000 लीटर से ज्यादा तेल चढ़ा; घाटों से हटाए गए कपड़े और जूते-चप्पल
- “मैं पापा के साथ जाऊंगा…”: उज्जैन कोर्ट में मासूम की जिद के बाद पिता संग भैरवगढ़ जेल पहुंचा 4 साल का बच्चा
- बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम, कप्तान हरमनप्रीत कौर समेत खिलाड़ियों ने भस्म आरती में लिया आशीर्वाद
श्री महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों की अनमोल भेंट: गुजरात से आए भक्त ने महाकाल को भेंट किया चांदी का मुकुट, उज्जैन की श्रद्धालु ने दी विशेष माला; आस्था से ओत-प्रोत भक्तों की भेंट से जगमगाया दरबार!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार का दिन भक्तिभाव और आस्था के रंग में रंगा रहा। गुजरात के मेहसाणा से पधारे श्रद्धालु रमेशभाई मोफतलाल पटेल ने भगवान महाकाल के चरणों में चांदी का भव्य मुकुट और दो नागकुण्डल अर्पित किए। इन पवित्र उपहारों का कुल वजन 3 किलो 864 ग्राम रहा, जो उनकी गहरी श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है।
इसी अवसर पर उज्जैन की श्रद्धालु शारदा नाहटे ने भी भगवान महाकाल को अपनी आस्था का सुमन अर्पित किया। मंदिर के पुजारी तिलक गुरु की प्रेरणा से उन्होंने चांदी का सुंदर नक्काशीदार मुकुट, चांदी के आवरण वाली रुद्राक्ष माला और विशेष पूजन वस्त्र भेंट किए। इन धार्मिक उपहारों की अनुमानित कीमत लगभग ₹2 लाख 75 हजार बताई गई है, किंतु भक्तों के लिए इसका मूल्य उनकी आस्था और मनोकामना की पूर्ति से कहीं अधिक है।
मंदिर के प्रशासनिक अधिकारी आर.के. तिवारी ने दोनों दानदाताओं का विधिवत सम्मान करते हुए उन्हें प्रसाद और आशीर्वाद प्रदान किया। श्री महाकालेश्वर मंदिर में यह परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है कि भक्त अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर सोने-चांदी के आभूषण, रत्नजड़ित अलंकरण या नगद राशि अर्पित कर अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।