उज्जैन में सेवा पखवाड़ा की तैयारी तेज़: कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश, स्वच्छता-स्वास्थ्य पर जोर; पीएम मोदी का लाइव कार्यक्रम ग्राम पंचायतों तक दिखेगा

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

उज्जैन जिले में आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। सोमवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभागृह और सिंहस्थ मेला कार्यालय में अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

जनकल्याण और जनभागीदारी पर जोर

कलेक्टर ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य सेवा पखवाड़ा अभियान को विकास, जनकल्याण और सुशासन की दिशा में एक व्यापक जनांदोलन के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य फोकस स्वच्छता, स्वास्थ्य, सेवा और सामुदायिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना है। साथ ही, “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” और “वोकल फॉर लोकल” की भावना को मजबूत करना भी अभियान का हिस्सा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धार जिले के भैसोला में होने वाले कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक किया जाए। इसके लिए एलईडी स्क्रीन और आवश्यक तकनीकी इंतज़ाम सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

कलेक्टर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाए। इन शिविरों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और आवश्यक दवाओं की पूरी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विशेष शिविर दिव्यांगजनों, सफाई मित्रों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए भी लगाए जाएंगे। रेड क्रॉस सोसाइटी, ब्लड बैंक सोसाइटी और अन्य समाजसेवी संस्थाओं को सक्रिय भागीदारी के लिए जोड़ा जाएगा।

स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण

सेवा पखवाड़ा अभियान के दौरान जिले की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। शासकीय स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य परिसरों की साफ-सफाई कराई जाएगी।

इसके साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” और “एक बगिया मां के नाम” थीम पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। नगर निकायों और बड़ी ग्राम पंचायतों में नमो पार्क, नमो वन और नमो उपवन भी विकसित किए जाएंगे।

खेल और युवा कार्यक्रम

अभियान के अंतर्गत 21 सितंबर को “आत्मनिर्भर भारत – विकसित भारत” थीम पर नमो मैराथन आयोजित की जाएगी। इसके अलावा जिले और विद्यालय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इन आयोजनों में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग समन्वयक भूमिका निभाएंगे।

दिव्यांगजनों और समाज के वंचित वर्गों पर फोकस

27 और 28 सितंबर को सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में उपकरण वितरण, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ थीम पर प्रदर्शनी और मेले भी आयोजित किए जाएंगे। गांधी जयंती (2 अक्टूबर) को खादी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे।

बाल श्रम पर सख्ती

कलेक्टर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स और बंधक श्रम सतर्कता समिति की बैठक भी हुई। इसमें बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 के प्रावधानों पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील संस्थानों में बाल श्रम की रोकथाम के लिए सतत निरीक्षण करने और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा

बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने 50 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को तत्काल निराकरण करने के आदेश दिए और चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिंहस्थ मेला कार्यालय में हुई बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर देवड़ा, उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर सोलंकी, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जनप्रतिनिधि, पार्षद, सामाजिक संगठन और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी से सुझाव लिए गए और अभियान को जन-भागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment