- महाकाल की शरण में अभिनेत्री सिमरत कौर: उज्जैन पहुंचकर किए बाबा महाकाल के दर्शन, मंदिर समिति ने प्रसाद व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान
- महाकालेश्वर मंदिर में अलसुबह विशेष पूजन: पंचामृत अभिषेक, भस्म अर्पण के बाद भक्तों को मिले दिव्य दर्शन; चंदन-तिलक और आभूषणों से हुआ श्रृंगार!
- बिहार के राज्य मंत्री रत्नेश कुमार पहुंचे महाकाल मंदिर: विधि-विधान से किए दर्शन-पूजन, मंदिर समिति ने किया सम्मान
- महाकाल मंदिर पहुंचे अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरिगिरि महाराज: देश-दुनिया में शांति के लिए की प्रार्थना, श्रद्धालुओं से की मुलाकात
- महाकाल मंदिर में भस्म आरती: वीरभद्र को स्वस्तिवाचन के बाद खुले पट, राजा स्वरूप में सजे बाबा!
उज्जैन की नई सड़क पर रिक्शा चालक की संदिग्ध हालत में जली हुई लाश मिलने से सनसनी, शराब की बोतल और लाइटर बरामद; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित नई सड़क पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। स्थानीय लोगों को एक जली हुई लाश गली के पेशाबघर के पास पड़ी मिली, जिसके ऊपर एक पुराना कंबल डला हुआ था। पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान 42 वर्षीय रणजीत सिंह के रूप में की गई है, जो पेशे से एक रिक्शा चालक था।
पुलिस ने मौके से शराब की बोतल और एक लाइटर बरामद किया है, जिससे प्रथम दृष्टया यह संदेह जताया जा रहा है कि या तो यह आत्महत्या हो सकती है, या फिर किसी ने उसे जलाकर मार डाला है और मामले को आत्मदाह का रूप देने की कोशिश की है। हालांकि, जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आती, कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रणजीत सिंह के बारे में जानकारी देते हुए चंद का कुआं क्षेत्र में साइकिल रिपेयर की दुकान चलाने वाले मोहम्मद हुसैन ने बताया कि वह उसे रिक्शा किराए पर देता था। रणजीत अविवाहित था और उसके माता-पिता भी नहीं थे। वह अकसर रिक्शा में ही सो जाया करता था और शराब का आदि था। मोहम्मद हुसैन के मुताबिक, रणजीत का मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था, और वह कई बार विचित्र व्यवहार करता देखा गया था।
पुलिस अब मृतक की इकलौती जीवित परिजन, उसकी भाभी, जो नगरकोट क्षेत्र में रहती हैं, की तलाश कर रही है। यह भी जांच का विषय है कि कहीं किसी ने उसकी मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर उसे किसी षड्यंत्र का शिकार तो नहीं बनाया।
फिलहाल, इस रहस्यमयी मौत ने उज्जैन की सड़कों पर डर और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि यह आत्महत्या थी, हादसा था या फिर किसी साजिश का नतीजा।