- उज्जैन में BJP का स्थापना दिवस: 560 बूथों पर कार्यक्रम, जुलूस-आतिशबाजी के साथ मनाया जश्न; नेताओं ने बताया- भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी
- अलसुबह भस्म आरती में सजे बाबा महाकाल, मंदिर में गूंजा ‘जय श्री महाकाल’
- एक्ट्रेस कावेरी प्रियम ने महाकाल की भस्म आरती में की पूजा: बोलीं- यहां की ऊर्जा अद्भुत, 3 साल से आ रहीं उज्जैन!
- स्वस्ति वाचन से खुले पट; भांग-चंदन और पुष्पों से हुआ दिव्य श्रृंगार, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
- महाकाल की भस्म आरती में केंद्रीय मंत्री और क्रिकेटर पहुंचे: धर्मेंद्र प्रधान-उमेश यादव ने किया जलाभिषेक, दोनों ने लिया भगवान का आशीर्वाद
क्या उज्जैन में ISI के लिए जासूसी कर रही थी Youtuber ज्योति मल्होत्रा? उज्जैन पुलिस हिसार से लौटी, हाथ लगी निराशा; हिसार में दो दिन तक की थी ज्योति से पुस्ताछ!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से कथित संबंधों को लेकर चर्चाओं में आई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की जांच में उज्जैन पुलिस को फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पांच सदस्यीय पुलिस टीम हिसार जाकर दो दिन तक पूछताछ करने के बाद खाली हाथ लौट आई है। हालांकि, जांच एजेंसियां अब भी सतर्क हैं और अन्य स्रोतों से जानकारी जुटाई जा रही है।
ज्योति मल्होत्रा, जो ‘Travel with JO’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाती हैं, एक ट्रैवल व्लॉगर हैं और देशभर में घूमने के वीडियो पोस्ट करती हैं। उनके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से कथित संबंध सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई थी। खासतौर पर उज्जैन पुलिस की नजर एक पुराने मामले पर गई, जिसमें ज्योति लगभग एक साल पहले उज्जैन और इंदौर का दौरा करने आई थीं। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उन्होंने उज्जैन रेलवे स्टेशन तक का वीडियो तो शेयर किया, लेकिन उसके बाद महाकाल नगरी के किसी भी स्थान का कोई वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड नहीं किया।
इस संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए उज्जैन पुलिस की एक विशेष पांच सदस्यीय टीम मंगलवार को हरियाणा के हिसार भेजी गई, जहां ज्योति वर्तमान में निवास कर रही हैं। टीम ने दो दिन तक पूछताछ की, लेकिन कोई विशेष जानकारी हाथ नहीं लगी। एडिशनल एसपी नितेश भार्गव ने बताया कि अब अन्य स्रोतों से जानकारी जुटाई जा रही है, और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उज्जैन में रहते हुए ज्योति ने कितने वीडियो बनाए और उन्हें अपलोड क्यों नहीं किया।
जांच की शुरुआत उस समय हुई जब ज्योति के यूट्यूब चैनल पर हिसार से उज्जैन की ट्रेन यात्रा वाला एक वीडियो सामने आया। इस वीडियो में वह यात्रा के दौरान महाकाल मंदिर का जिक्र करती हैं और उज्जैन स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों और ऑटो चालकों से बातचीत करती नजर आती हैं। लेकिन इसके बाद महाकाल मंदिर, काल भैरव, रामघाट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का कोई भी विजुअल या जानकारी उसके चैनल पर नहीं है, जबकि यह एक ट्रैवल व्लॉगर के लिहाज से बेहद असामान्य माना जा रहा है।
दूसरे वीडियो में ज्योति इंदौर से दिल्ली तक की यात्रा करती दिख रही हैं, जिसमें वह इंदौर, उज्जैन, नागदा और मंदसौर के बारे में कुछ सतही जानकारियां देती हैं, लेकिन उज्जैन प्रवास की कोई स्पष्ट वीडियो रिपोर्ट नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम ने सुरक्षा एजेंसियों को सचेत कर दिया है, क्योंकि यह मामला मात्र एक यूट्यूबर की यात्रा गतिविधियों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक संभावित गंभीर खतरा माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि ज्योति ने महाकाल की नगरी में क्या रिकॉर्ड किया और उस रिकॉर्डिंग को अपलोड क्यों नहीं किया?