भारत जोड़ो यात्रा का उज्जैन में दूसरा दिन:राष्ट्रीय नेता कंटेनर में, अन्य यात्रियों के लिए झलारा में शादी के टेंट जैसा विश्राम स्थल बनाया, आज आगर में होगी आमसभा

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार सुबह शहरी क्षेत्र से अंचल में पहुंची। यात्रा में ग्रामीण नेताओं का जमघट रहा। सड़कों के दोनों तरफ फ्लैक्स, झंडों की सजावट थी। डीजे वाहन घूम रहे थे। सुरासा से नजरपुर तक सुबह की यात्रा में कांग्रेसजन का उत्साह दिखाई दे रहा था। नजरपुर में सुबह यात्रा का विराम हुआ। राहुल अपने जोन में चले गए। अन्य नेता अपने जोन में। यहां से यात्रा शाम 4 बजे शुरू होना थी।

3 बजे तक यह पता नहीं चल रहा था कि राहुल यहां से पैदल चलेंगे या गाड़ी में। इस बीच पुलिस और रस्सा पार्टी आगे भेज दी गई लेकिन करीब 3.30 बजे राहुल वाहन से निकले और घट्टिया रोड पर वहां पहुंचे, जहां से पदयात्रा शुरू होना थी। रस्सा पार्टी और पुलिस दल वापस वहां लौटा। स्वरा भास्कर राहुल के साथ पैदल चल रही थीं। कमलनाथ आदि पीछे कारों में थे। यात्रा झलारा पहुंची और यहां रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार को यात्रा आगर के लिए रवाना होगी। वहां राहुल आमसभा को संबोधित करेंगे।

खेत में ही विश्राम की व्यवस्था
यात्रा शाम 6 बजे झलारा पहुंची। यहां राहुल के लिए सोयाबीन प्लांट में व्यवस्था थी। यहां राष्ट्रीय नेता तो कंटेनर में थे पर अन्य यात्रियों के लिए प्लांट के बाहर खेत में टेंट में बिस्तर लगे थे। यहां ऐसा लग रहा था मानो शादी का टेंट लगा है।

बाइक सवार खाई में गिरे
मार्ग का चौड़ीकरण चल रहा है। कुछ जगह एक तरफ का रोड ही बना है। बाइक पर चल रहे युवा निर्माण साइड में भी थे। भीड़ में हो रही धक्का-मुक्की में दो बाइक सवार नीचे गिर गए।

पुलिस ने वाहनों का जमघट हटाया
यात्रा की विपरीत दिशा से एक एम्बुलेंस आ गई। राहुल चाय के लिए रुके थे पर यहां वाहनों का लंबा जमघट था। एम्बुलेंस को निकालने के लिए पुलिस पूरी ताकत से जुटी और एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनाया। इसके बाद दूसरी एम्बुलेंस को भी निकाला।

उज्जैन पुलिस की रस्सा पार्टी राजस्थान बार्डर तक रहेगी साथ

29 नवंबर को उज्जैन आए राहुल गांधी शुक्रवार 2 दिसंबर को जिले की सीमा छोड़ आगर जिले में पदयात्रा लेकर आगे बढ़ जाएंगे पर उज्जैन पुलिस की रस्सा पार्टी उनके साथ राजस्थान बार्डर तक रहेगी। 165 पुलिसकर्मी व अधिकारी राहुल के लिए रस्सा पार्टी में उज्जैन से शामिल है, जो 4 दिसबंर को राजस्थान की सीमा तक जाएंगे।

एसएसपी सत्येंद्रकुमार शुक्ल ने बताया शुक्रवार को भी राहुल गांधी उज्जैन जिले में करीब दो घंटे रहेंगे। इस तरह कुल चार दिन उनके जिले में बीते है। उज्जैन पुलिस का रस्सा पार्टी फोर्स 4 दिसंबर को राजस्थान पुलिस के हैंडओवर होने के बाद 165 पुलिसकर्मी व अधिकारी लौटेंगे। उज्जैन पुलिस का कारकेड भी साथ है व सुरक्षा के मद्देनजर माकड़ौन क्षेत्र की फैक्टरी के आसपास भी बल तैनात किया है।

राहुल के साथ प्रदेश की 200 महिला जनप्रतिनिधि चलेंगी

यात्रा आज शुक्रवार को भी उज्जैन जिले में कुछ घंटे रहेगी। इस दौरान सुबह निकलने वाली पदयात्रा में पहली बार पूरे मप्र से 200 महिला जनप्रतिनिधियों को बुलवाया है। वे यात्रा में राहुल गांधी के साथ चलेंगी। शुक्रवार सुबह राहुल गांधी के साथ पैदल चलने वाली महिला जनप्रतिनिधियों में विधायक, पार्षद, पंच, सरपंच समेत अन्य महिला जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगी। उज्जैन में इसकी प्लानिंग हुई है।

यहां 29 नवंबर को निनाेरा में स्थित कैंप पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने निर्देश मिलने के बाद ये सूची तैयार की व पूरे प्रदेश की महिला जनप्रतिनिधियों को यात्रा में शामिल होने के लिए सूचना भेजी गई। महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव के मुताबिक शुक्रवार सुबह माकड़ौन की फूड फैक्टरी से करीब 12 किमी की यात्रा में 200 महिला जनप्रतिनिधि रहेंगी।

Leave a Comment