अव्यवस्था: भस्मारती गेट के पास शराब पीते युवकों का वीडियो वायरल

हे… महाकाल… व्यवस्था हुई बदहाल…

प्रशासन सजग नहीं, कांग्रेस ने जताई आपत्ति

उज्जैन। महाकाल मंदिर में अव्यवस्थाओं की खबर आम बात है लेकिन अब भस्मारती द्वार के पास दो युवकों के शराब पीने का वीडियो सामने आया है। खास बात यह है कि तीन दिन पूर्व हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नतीजतन कांग्रेस ने शनिवार को कलेक्टर के समक्ष इस पर आपत्ति जताई है।

महाकाल मंदिर के भस्मारती द्वार के पास दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए बनाई जगह मयखाना बन गई है। बुधवार दोपहर भी यहां दो युवक शराब पीते नजर आए। एक श्रद्धालु ने इसका वीडियो बना लिया। जानकारी के बाद भी जिम्मेदार अफसरों ने यहां न तो पुलिस में शिकायत की और न सुरक्षा के इंतजाम किए।

नतीजतन अब भी उक्त स्थान पर दिन में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। याद रहे महाकाल मंदिर को लेकर पूर्व में कई बार आतंकवादी घटनाओं की चेतावनी सामने आ चुकी है इसलिए मंदिर की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा एजेंसी के सैकड़ों सुरक्षाकर्मी के साथ विशेष बल तैनात रहता है।

चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, बावजूद इस स्थिति से मंदिर की सुरक्षा और पवित्रता पर सवाल उठना तय है। उक्त घटना का वीडियो अक्षरविश्व के पास मौजूद है।

चाकूबाजी से लेकर मर्डर तक

महाकाल मंदिर में सुरक्षाकर्मियों की फौज होने के साथ ही चौकी व पास में ही थाना भी है। बावजूद यहां मंदिर क्षेत्र में चोरी, जेबकटी, मारपीट, चाकूबाजी, हत्या तक हो चुकी है। बाहरी श्रद्धालुओं के साथ भी घटनाएं आम बात हैं। बावजूद रोकथाम के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से बड़ी घटना की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

प्रशासन के पास जवाब नहीं

शराब पीने की घटना को लेकर कलेक्टर शशांक मिश्र ने बताया उन्हें वीडियो की जानकारी है। प्रशासक अवधेश शर्मा से बात करें। जिम्मेदार पद पर होनेे के बावजूद शर्मा के पास फोन उठाने का समय नहीं होता। वहीं उप प्रशासक आशुतोष गोस्वामी ने भी मामले की जानकारी होने का कहा लेकिन मीटिंग में होने का कहकर जवाब टाल गए।

कांग्रेस ने कलेक्टर से की शिकायत

मामले में कांग्रेस प्रवक्ता विवेक गुप्ता ने कलेक्टर मिश्र को घटना से अवगत कराते हुए लिखा कि मंदिर की सुरक्षा व पवित्रता से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने मंदिर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर कड़ी आपत्ति जताई। साथ ही पुनरावृत्ति न हो इसके लिए व्यवस्था बनाने का कहा है।

यह शिकायत आम बात

  •  मोबाइल, महिला पर्स, बेग, पोलिथिन आदि मंदिर में ले जाना।
  •  दिन में भी प्रवेश को लेकर आए दिन विवाद होना।
  •  भस्मारती अनुमति में भ्रष्टाचार की शिकायतें होना।
  •  प्रसाद बनाने, रखने व वितरण को लेकर अव्यवस्था।

दिए निर्देश 
भस्मारती गेट के पास नशेड़ी भिखारियों के जमा होने की जानकारी मिलती रही है। शराब पीने का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षाकर्मियों को निगरानी के निर्देश दिए हैं।
– मूलचंद जूनवाल, सहायक प्रशासक

Leave a Comment