उज्जैन में अजीब हालात: पीडीएस के सर्वे को भी एनआरसी का समझ रहे

पीडीएस का सर्वे करने पहुंच रहा दल, लोग समझे एनआरसी के लिए जानकारी लेने आए, गलत फहमी के कारण दलों को आ रही परेशानी, अब जानकारी नहीं देने वालों का रुक सकता है राशन आवंटन

उज्जैन.पीडीएस (उचित मूल्य की शासकीय दुकान) से राशन लेने वालों की जानकारी अपडेट करने के लिए जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने सर्वे शुरू किया है लेकिन इससे कई जगह गलतफहमी की स्थिति बन रही है। दल राशन कार्ड को परिवार संबंधित जानकारी ले रहा है वहीं कई लोग यह समझ रहे हैं कि झूठ बोलकर सीएए-एनआरसी के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। एेसे में कई जगह से दल को बेरंग भी लौटना पड़ रहा है। प्रशासन ने इससे निपटने के लिए अब कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई का मन बनाया है।

बीपीएल सहित अन्य श्रेणी के जो हितग्राही सब्सिडी पर राशन सामग्री ले रहे हैं, उनकी जानकारी अपडेट करने के लिए शासन के निर्देश पर एम राशन मित्र मोबाइल एप के जरिए सर्वे शुरू किया गया है। जिले में तो सर्वे लगभग 80 फीसदी पूरा हो चुका है वहीं शहर में इसकी शुरुआत दो-तीन दिन पूर्व ही हुई हैं। शहर में यह सर्वे तब शुरु हुआ है जब पहले से ही बेगमबागम क्षेत्र में सीएए के विरोध में धरना प्रदर्शन जारी है। हाल में कुछ दल बेगमबाग व आसपास के क्षेत्र में पीडीएस का सर्वे करने पहुंचे थे लेकिन अधिकांश जगह यही समझा गया कि सीएए या एनआरसी के लिए परिवार की जानकारी ली जा रही है। एेसे में दल को सर्वे में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है वहीं कई लोग जानकारी देने में भी हिचकिचा रहे हैं।

 

अगले महीने रूक सकता है आवंटन

पीडीएस सर्वे का उद्देश्य हितग्राही की जानकारी अपडेट करना है मसलन वर्तमान में परिवार में कितने सदस्य हैं, यदि किसी का निधन हो गया है तो उनका नाम हटाया जाएगा या सदस्य बढऩे पर नाम जोड़ा जाएगा। इसके अलावा घर की स्थिति, वर्तमान पता आदि जानकारी अपडेट होना है। अपडेट जानकारी के आधार पर भी राशन का आवंटन होना है। एेसे में यदि जो हितग्राही सर्वे में अपनी जानकारी अपडेट नहीं करवाएगा, अगले महीने से उसके राशन का आवंटन रूक सकता है।

 

कार्रवाई में बाधा डालने पर होगी एफआइआर

सर्वे के दौरान यदि कोई व्यक्ति अनाश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास करेगा या सर्वे कार्य प्रभावित करेगा तो अब प्रशासन एेसी स्थिति में सख्ती से निपटेगा। सर्वे कार्य प्रभावित करने वाले के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज करया जा सकता है।

 

15 तक सर्वे पूरा करने के निर्देश

शहर में बीपीएल सहित अन्य केटेगरी के हितग्राहियों के करीब ६१ हजार कार्ड को लेकर सत्यापन होना है। इसके लिए ३८७ दल गठित किए गए हैं और प्रत्येक दल में दो सदस्य शामिल हैं। इनमें से अधिकांश कर्मचारी नगर निगम व महिला एवं बाल विकास विभाग के हैं। शहर में सर्वे में खासी लेतलाली हुई। इसके चलते अभी करीब एक हजार का ही सत्यापन हो सका है। मंगलवार को निगम परिषद हॉल में समन्वय बैठक की गई। इसमें जिला आपूर्ति अधिकारी एमएल मारू, निगम सहायक आयुक्त सुबोध जैन के साथ ही कुछ समय के लिए निगमायुक्त रिषी गर्ग भी शामिल हुए। गर्ग ने 15 फरवरी तक सर्वे कार्य पूरा करने की हिदायत दी है। बैठक के दौरान भी कुछ दलों ने सर्वे में एनआरसी-सीएए को लेकर आ रही समस्या की जानकारी दी। अधिकारियों ने जनता को समझाइश देने और समय सीमा में सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

 

इनका कहना

पीडीएस की जानकारी अपडेट करने के लिए जिले के साथ ही शहर में सर्वे किया जा रहा है। यह शासकीय कार्य है और जो लोग सर्वे कार्य में बाधा उत्पन्न करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों का रिकार्ड अपडेट नहीं होगा, निकट भविष्य में उनके राशन का आवंटन रुक जाएगा।
– एमएल मारू, जिला आपूर्ति नियंत्रक

Leave a Comment