उज्जैन में टूटेगा रेकॉर्ड, 121 दिव्यांगों को मिलेगा मनचाहा जीवनसाथी

कलेक्टर मिश्र ने अपने ही 114 के पुराने विश्व रेकॉर्ड को तोडऩे की तैयारी की

उज्जैन. शहर एक बार फिर वहीं मिसाल पेश करने की तैयारी कर रहा है, जिसमें अनजानों ने अनजानों के साथ माता-पिता, भाई-बहन जैसा रिश्ता निभाया और दिव्यांग युवक-युवतियों को नए जीवन पथ पर चलने में मदद की… एक बार फिर शहर में दिव्यांगों का सामूहिक विवाह होगा और फिर शहरवासी घराती-बाराती बन नव दंपती की गृहस्थी को खुशियों के उपहार से सजाएंगे। 121 जोड़ों के नए दाम्पत्य जीवन की शुरुआत के साथ ही यह नया विश्व कीर्तिमान भी बनेगा।

प्रशासन सामाजिक-धार्मिक संगठनों की भागीदारी व जनसहयोग से शहर में दिव्यांग युवक युवतियों का सामूहिक विवाह-निकाह करने जा रहा है। इस बार 121 दिव्यांग जोड़ों के विवाह-निकाह का लक्ष्य रखा है। कलेक्टर शशांक मिश्र ने आयोजन की व्यवस्थाओं का जिम्मा अपर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी को दिया है। उनके अनुसार परिचय सम्मेलनों का आयोजित किए जा रहे हैं और अब तक 113 जोड़े तय भी हो चुके हैं। साथ ही आयोजन के लिए विभिन्न-धार्मिक संगठनों से भी चर्चा जारी है।

 

तीन साल बाद फिर पुनीत आयोजन

तीन वर्ष पूर्व 7 मार्च 2017 को शहर में पहली बार बड़े स्तर पर दिव्यांग विवाह-निकाह सम्मेलन आयोजित हुआ था। तब 104 दिव्यांग युवक युवतियों की शादी गई थी, जिसमें हिंदु व मुस्लिम के साथ सिख समाज का भी एक जोड़ा शामिल था। शहर के विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठन और समाजसेवियों ने आनंदक बन वर-वधुओं को ढेरों उपहार दिए थे वहीं शासन की ओर से आधा दर्जन से अधिक योजनाओं का लाभ दिया गया था। तत्कालीन कलेक्टर संकेत भोंडवे, तक्कालीन निगमायुक्त आशीषसिंह सहित कई अधिकारियों ने अभिभावक बन कन्यादान भी किया था। सैकड़ों शासकीय अधिकारी-कर्मचारी बाराती बन सम्मेलन में शामिल हुए थे। तब यह देश का पहला एेसा आयोजन था, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में दिव्यांग युवक युवतियों की शादी की गई थी।

 

बैतुल में कलेक्टर ने बनाया था रेकॉर्ड

बैतुल में 19 मई 2017 को दिव्यांग विवाह-निकाह सम्मेलन हुआ था। उज्जैन कलेक्टर शशांक मिश्र ने ही तब बतौर बैतुल कलेक्टर सफल आयोजन किया था। उक्त आयोजन में 114 दिव्यांग जोड़ों की शादी हुई थी। इसके साथ ही इतनी बड़ी संख्या में सामूहिक दिव्यांग विवाह का विश्व रेकॉर्ड भी बना था। अब कलेक्टर मिश्र बैतुल में बनाए गए अपने ही रिकार्ड को उज्जैन में तोडऩे की तैयारी में है।

 

25 मेहमान हो सकेंगे शामिल

शहर में दूसरी बार हो रहे आयोजन को और भी भव्य बनाने की तैयारी है। पिछले कार्यक्रम में प्रत्येक वर-वधु की ओर से 10.10 मेहमानों के शामिल होने की व्यस्था थी। अपर कलेक्टर मुखर्जी के अनुसार इस बार वर-वधु की ओर से 25-25 मेहमानों के शामिल होने की व्यवस्था रखी जा रही है।

 

12 को मेहंदी 13 को विवाह

सामूहिक विवाह समारोह में सभी जरूरी रिवाजों का पालन होगा। इसमें महिला संगीत, मेहंदी, हल्दी आदि का आयोजन होगा। कार्यक्रम अनुसार 12 मार्च को मेहंदी की रस्म होगी। इसी दिन महिला संगीत का आयोजन भी होगा। 12 मार्च को विवाह समारोह होगा। आयोजन इंदौर रोड स्थित मेघदूत ढाबे में करने का निर्णय लिया गया है।

सामूहिक दिव्यांग विवाह-निकाह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सामाजिक-धार्मिक संगठनों का भी सहयोग लिया जा रहा है। इस बार 121 दिव्यांग जोड़ों की शादी करने का लक्ष्य रखा गया है।

– शशांक मिश्र, कलेक्टर

Leave a Comment