- सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज: उज्जैन में सभी ऑटो-ई-रिक्शा के लिए यूनिक आईडी अनिवार्य, तय शिफ्ट में ही होगा संचालन
- उज्जैन के रामघाट पर शिप्रा आरती के दौरान विवाद: दीपक बेचने को लेकर महिलाओं और पुजारियों में मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
- श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भस्म आरती शृंगार दर्शन 01-07-2026
- महिदपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा 4 महीने से फरार बदमाश, कच्ची महुआ शराब के साथ किया गिरफ्तार
- उज्जैन में रेलवे ट्रैक पर कॉन्ट्रैक्टर का शव मिलने से सनसनी: मॉर्निंग वॉक के दौरान हादसे की आशंका, पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच
डाक घर में 14 हजार खातों का कोई वारिस नहीं…इतने करोड़ राशि अब यूं होगी खर्च
केंद्र सरकार की नई योजना के तहत अब डाकघर के निष्क्रिय खातों में जमा राशि वरिष्ठ नागरिक कल्याण कोष में होगी जमा, पोस्ट ऑफिस में चस्पा की 10 वर्ष या उससे अधिक समय से निष्क्रिय खातों की सूची
उज्जैन। उज्जैन डाक विभाग में करीब १४७२४ ऐसे खातें है जिनमें १० वर्ष या उससे अधिक समय से ऑपरेट ही नहीं किया गया है। न तो खाताधारक ने राशि निकलवाइ और न ही इसमें जमा करवाए। इन खातों में १५ करोड़ रुपए से अधिक की राशि जमा है। अब यह राशि केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए वरिष्ठ नागरिक कल्याण कोष में जमा होगी। पोस्ट ऑफिस में निष्क्रिय पड़े खातों की सूची भी चस्पा कर दी गई है।
केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में वित्त विधेयक में संशोधन कर वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए वरिष्ठ नागरिक कल्याण कोष बनाया है। इस कोष में ऐसे खातों की राशि ट्रांसफर होगी जो डाकघर में पिछले १० वर्ष या उससे अधिक साल पहले खोले गए थे और अब निष्क्रिय है या इनमें लेनदेन नहीं हो रहा है। जिले में डाकघरों में ऐसे १४७२४ खाते सामने आए हैं जिनमें १० वर्ष से अधिक समय से उपयोग नहीं हो पाया है। इन खातों में बचत, आवर्ती जमा, मासिक आय, वरिष्ठ नागरिक बचत स्कीम, किसान विकास पत्र, राष्ट्रीय बचत पत्र, सुकन्या समृद्धि व सावधि जमा शामिल है। पोस्ट विभाग के अधिकारी इन खातों में कुल जमा राशि की जानकारी जुटा रहे हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि इन खातों में १५ करोड़ रुपए से अधिक की राशि जमा हो सकती है। डाकविभाग ने इन निष्क्रिय खातों की सूची भी कार्यालय में चस्पा की है।
खातों के दावे-आपत्ति पेश करने का समय भी
डाक विभाग द्वारा निष्क्रिय पड़े खातों को लेकर दावे-आपत्ति पेश करने का समय भी दिया है। विभाग द्वारा इन खातों के लिए लोगों से १५ दिन में अपने दस्तावेज पेश करने को कहा है। निष्क्रिय खातों की जानकारी को लेकर लोग अपने क्षेत्र के डाकघर में जाकर देख सकते हैं।
शाजापुर में ३२९६ निष्क्रिय खाते
उज्जैन जिले की तरह ही शाजापुर जिले में भी ३२९६ खाते मिले हैं, जो १० वर्ष या उससे अधिक समय से ऑपरेट नहीं हुए है। हालांकि इन खातों में कितनी राशि जमा है, इसके बारे में भी विभाग जानकारी निकलवा रहा है। वहीं विभाग इन खाताधारकों की सूची भी डाकघर में चस्पा कर रहा है।
इनका कहना
जिले के डाकघर में १० वर्ष या उससे अधिक समय से निष्क्रिय पड़े १४७२४ खाते हैं। इन खातों में १५ करोड़ रुपए के करीब जमा हो सकते हैं। खाता धारकों की सूची डाकघर में चस्पा कर दी गई है। संबंधित लोग डाकघरों में आकर इन खातों से जुड़े दस्तावेज पेश कर अपना दावा भी पेश कर सकते हैं।
– रवींद्र शर्मा, पीआरओ, डाक विभाग