- श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भस्म आरती शृंगार दर्शन 31-07-2026
- श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भस्म आरती शृंगार दर्शन 30-07-2026
- महाकाल मंदिर के अन्नक्षेत्र में अब मिलेगा दक्षिण भारतीय प्रसाद, श्रद्धालुओं के लिए शुरू हुई विशेष सात्विक भोजन व्यवस्था
- श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भस्म आरती शृंगार दर्शन 29-07-2026
- श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भस्म आरती शृंगार दर्शन 28-07-2026
पुराने शहर के लोग उठाएंगे लाइट एंड साउंड का लुत्फ
उज्जैन :- कुछ ही दिनों में पुराने शहर के लोग मनोरंजन का लुत्फ उठाएंगे। रात के समय रामघाट स्थित राणोजी की छत्री पर लाइट एंड साउंड कार्यक्रम आयोजित करने की एक योजना है। सोमवार को रामघाट के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संकेत भोंडवे ने बताया कि ऐतिहासिक धरोहर राणोजी की छत्री का शीघ्र ही कायाकल्प होगा। इस ऐतिहासिक इमारत पर उज्जैन के पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व से संबंधित नाटक लाइट एंड साउंड के माध्यम से दिखाए जाएंगे। पुराने शहर के बाशिंदों के लिए यह एक प्रसन्नता की बात होगी कि महाराज विक्रमादित्य से संबंधित कथाओं की जानकारी भी उन्हें मिलेगी। साथ ही मनोरंजन भी होगा। विदित रहे कि पूर्व में शहर के चुनिंदा स्थानों पर महाराजा विक्रमादित्य के नाटक का मंचन किया गया था। जिसे शहरवासियों ने सराहा था।
कोठी पैलेस, जालसेवा निकेतन ग्राउंड पर आयोजित विक्रमादित्य नाटक ने जहां जानकारी शहरवासियों को उपलब्ध करवाई थी, वहीं मनोरंजन में भी चार चांद लगाए थे। कलेक्टर भोंडवे ने शिप्रा नदी के तट को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। पर्यटकों को लुभाने के लिए शिप्रा आरती भी गंगा आरती की तरह ही भव्य बनाने पर विचार किया जा रहा है। इस दौरान रामघाट पर उपस्थित संवाददाता ने जब कलेक्टर का ध्यान नदी में निरंतर डूब रहे लोगों की समस्या पर आकृष्ट किया तो कलेक्टर ने घाट पर ड्यूटी देने वाले नगर सैनिकों का उपस्थिति पत्रक उसी समय मंगवाया और सैनिकों को अनुपस्थित पाकर शीघ्र ही उनके विरुद्ध कार्रवाई की बात कही। इस दौरान घाट पर फस्र्ट एड मेडिकल सुविधा की मांग भी लोगों द्वारा की गई।
कलेक्टर से डूबने वाले लोगों को बचाने के उपरांत चिकित्सालय ले जाने में होने वाली देरी पर भी बात की गई। इस दौरान घाट पर 24 घंटे एक एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध करवाने की मांग समाजसेवी विनोद चौरसिया, लोटावाला गुरु आदि ने की। कलेक्टर भोंडवे ने इस दिशा में शीघ्र ही कदम उठाने का आश्वासन दिया। कलेक्टर भोंडवे ने कमिश्नर एमबी ओझा को घाट की वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि इस क्षेत्र को एक अच्छे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने नदी के आसपास ही मलखंभ जैसे खेल की स्पर्धा आयोजित करने की बात भी कही।
शौचालय की परेशानी भी बताई
चूंकि वर्षभर श्रद्धालु शिप्रा स्नान के लिए आते हैं और घाट पर शौचालय की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। अत: कलेक्टर का ध्यान इस ओर दिलाया गया तो उन्होंने शीघ्र ही शौचालय की पुख्ता व्यवस्था करने की बात कही।