मयूर वन में नहीं बनेगा हॉकर्स झोन

उज्जैन। कोठी रोड़ स्थित विक्रम वाटिका को मयूर वन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मयूर और पंछियों को उनकी सुविधा अनुसार वातावरण प्रदान करना एवं लोगों को पर्यटन व स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है, लेकिन नगर निगम द्वारा इस आंतरिक मार्ग पर हॉकर्स झोन बनाने की योजना तैयार की है। इसके औचित्य और जरूरत के प्रश्न पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह ने अक्षर विश्व से चर्चा में कहा कि मयूर और पंछियों को असुविधा होती है तो हाकर्स झोन का निर्माण नहीं किया जायेगा।

मंत्री जयवर्धन सिंह सुबह भगवान महाकालेश्वर की भस्मार्ती में शामिल होने के बाद स्थानीय कांग्रेस नेता के निवास पर पहुंचे। यहां शहर कांग्रेस नेताओं ने उनका पुष्पमाला से स्वागत किया। मंत्री सिंह ने कोठी रोड़ विक्रम वाटिका के आंतरिक मार्ग पर हाकर्स झोन बनने के बाद मयूर वन के उद्देश्य पर असर पडऩे के सवाल पर कहा कि मैं स्वयं भगवान महाकालेश्वर के दर्शनों के बाद दिव्यांग पार्क में भ्रमण के लिये गया था। मयूर वन इससे पांच गुना बड़ा बनेगा।

हमारी सरकार की स्पष्ट सोच है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि व आमजन निर्माण संबंधी योजना बनाए। यदि हॉकर्स झोन से मयूर व पंछियों को असुविधा होती है तो इसे नहीं बनाया जायेगा। सोनिया गांधी के पुन: कांग्रेस अध्यक्ष बनने के प्रश्न पर मंत्री सिंह ने कहा कि इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी साथ ही जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने पर उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक फैसला है। कांग्रेस में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है, सभी सीनियर लीडर मिलकर काम करते हैं।

यह है नगर निगम की योजना
विक्रम वाटिका में आंतरिक रोड़ पर हॉकर्स जोन बनाने की योजना नगर निगम द्वारा बनाई गई है जिसके अंतर्गत यहां आने वाले लोगों को खाने पीने के लिये ठेले लगाये जायेंगे। इस कार्य को चरणबद्ध तरीके से नगर निगम द्वारा किया जाना है।

यह होगी असुविधा
अटल अनुभूति उद्यान मुख्य तौर पर दिव्यांगजनों के लिये उनकी सुविधा के अनुरूप निर्मित किया गया है, जबकि मयूर वन निर्माण के पीछे शासन का उद्देश्य है कि विक्रम वाटिका में विचरण करने वाले मयुरों और पंछियों को उनके अनुकूल वातावरण मिले और आम लोग पंछियों के बीच पहुंचकर सुखद अनुभूति करें। मयूर वन में आमजन के लिये स्वच्छ और शांत वातावरण के लिये भी योजना है। खास बात यह कि तरणताल से कोठी क्षेत्र तक सुबह-शाम सैकड़ों की संख्या में लोग पैदल भ्रमण के लिए आते है। ऐसे में यदि हॉकर्स झोन निर्मित होता है तो सीधे तौर पर मयूरों, पंछियों के साथ भ्रमण करने वाले लोगों को भी परेशानी उत्पन्न होगी।

Leave a Comment