- महाकाल मंदिर का नंदी हॉल बदलेगा रूप, 20 लाख की लागत से होगा सौंदर्यीकरण; सावन से पहले पूरा करने की तैयारी
- महाकाल मंदिर में भस्म आरती के नाम पर फिर ठगी, गुजरात की दो महिलाओं से 42 हजार रुपए वसूले; पुलिस ने शुरू की जांच
- शनिचरी अमावस्या पर उज्जैन के शनि मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 24 घंटे में 1000 लीटर से ज्यादा तेल चढ़ा; घाटों से हटाए गए कपड़े और जूते-चप्पल
- “मैं पापा के साथ जाऊंगा…”: उज्जैन कोर्ट में मासूम की जिद के बाद पिता संग भैरवगढ़ जेल पहुंचा 4 साल का बच्चा
- बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम, कप्तान हरमनप्रीत कौर समेत खिलाड़ियों ने भस्म आरती में लिया आशीर्वाद
श्री महाकालेश्वर मंदिर को सौगात:अग्रवाल ग्रुप त्रिवेणी संग्रहालय के पास बनाएगा दो मंजिला अन्नक्षेत्र
महाकालेश्वर मंदिर समिति की ओर से संचालित होने वाले नि:शुल्क अन्नक्षेत्र का नया दो मंजिला भवन जल्द ही बनकर तैयार होगा। इसे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनाया जाएगा। इसकी लागत 6 करोड़ रुपए आएगी। यह पूरा खर्च इंदौर का अग्रवाल ग्रुप वहन करेगा।
कलेक्टर आशीषसिंह ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए करीब छह माह से चर्चा चल रही थी। अन्नक्षेत्र के साथ ही दो मंजिला धर्मशाला को जल्द से जल्द बनाकर तैयार करेंगे। इसके साथ ही प्रवचन हॉल के लिए भी दो अलग-अलग लोगों से बातचीत चल रही है। जल्द ही इसके निर्माण की रूपरेखा को भी अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
नया अन्नक्षेत्र भवन त्रिवेणी संग्रहालय के सामने बन रही पार्किंग के नजदीक बनेगा। इस संबंध में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति एवं इन्दौर की संस्था बालाजी सेवार्थ इन्दौर अग्रवाल फाउण्डेशन (अग्रवाल ग्रुप) के बीच शुक्रवार को एमओयू साइन हो गया है।
नया भवन स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनकर तैयार होगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि नया भवन 3286.2 वर्ग मीटर पर बनेगा। अन्नक्षेत्र में अत्याधुनिक संसाधन व उपकरण लगाने की व्यवस्था की जा रही है। उक्त अन्नक्षेत्र के भू-तल में 1300 व प्रथम तल में 1300, भक्तजन एक साथ प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। इस प्रकार कुल 2600 भक्त एक समय में भोजन प्रसाद ग्रहण कर सकेगे। 5-6 शिफ्ट में दोपहर 6500 से 7500 व सायं में 6500 से 7500 भक्त भोजन ग्रहण कर सकेगे। एक दिन में लगभग कुल 15000 श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद ग्रहण किया जा सकेगा।
मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने बताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात व अन्नक्षेत्र भवन की स्थापना के बाद भोजन प्रसाद बनाने एवं वितरण करने, संचालन, देखरेख व संपत्ति की पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी मंदिर प्रबंध समिति की होगी। अग्रवाल ग्रुप के डायरेक्टर विनोद कुमार अग्रवाल द्वारा उनकी माताजी स्व.चमेली देवी की स्मृति में अन्नक्षेत्र का निर्माण करवाया जा रहा है। इस संबंध में अग्रवाल ग्रुप के सीनियर ऑफिसर नवनीत बबेले के साथ एमओयू को अंतिम रूप दिया गया। इसके बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से बबेले का दुपट्टा, प्रसाद व फोटो देकर सम्मान किया।