- सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया रामघाट क्षेत्र का निरीक्षण, कहा— विकास कार्यों का लाभ लंबे समय तक मिलेगा
- उज्जैन में ऑनलाइन जुड़ा देश, मोनी तीर्थ आश्रम में हुआ “विशेष श्री बालाजी सर्व ग्रह दोष शांति यज्ञ”; हर्षानंद और संतों ने दी आहुतियां
- पीएम की अपील और सीएम के निर्देश के बाद उज्जैन प्रशासन की नई पहल, अब एक ही वाहन से सिंहस्थ निरीक्षण पर निकल रहे अधिकारी
- महाकाल की नगरी में भक्ति का महासागर: शेषनाग मुकुट और मुण्ड माला में नजर आए बाबा महाकाल
- बाबा महाकाल की शरण में पहुंचीं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, भस्म आरती में हुईं शामिल
उज्जैन में 477 करोड़ की लागत से बन रहे 19 नए पुल और आरओबी: कलेक्टर रौशन सिंह ने विकास कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित की,अधिकारियों को दिए सुधार और तेजी के निर्देश!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार सुबह कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और गुणवत्ता की बारीकी से जांच की।
अरबों की लागत से हो रहे विकास कार्य
सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में अरबों रुपये की लागत से सैकड़ों विकास और निर्माण कार्य जारी हैं। इनमें नए पुल, फोरलेन सड़कें, पार्किंग और हेलीपैड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। कलेक्टर ने साफ कहा कि इन कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और तय समयसीमा में इन्हें पूरा किया जाना चाहिए।
हेलीपैड और पुलों का निरीक्षण
सबसे पहले कलेक्टर सिंह ने हरिफाटक ब्रिज के पास पार्किंग स्थल और क्षिप्रा नदी पर बन रहे वाकणकर ब्रिज का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पिलर निर्माण की तकनीकी जांच करते हुए ठेकेदारों से सीधे सवाल किए और स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
इसके बाद उन्होंने सदावल क्षेत्र में 14 हेक्टेयर में बन रहे चार हेलीपैड का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खुदाई कर सबग्रेड, सीआरएम और डीएलसी की गुणवत्ता परखते हुए अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
नई सड़कें और फोरलेन प्रोजेक्ट
कलेक्टर सिंह ने झालरिया मठ नृसिंहघाट पुल की रेलिंग और कार्तिक मेला रोड पर क्षिप्रा की छोटी रपट का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रपट फोरलेन सड़क में तब्दील की जाएगी, जिसकी लंबाई 130 मीटर होगी।
इसी तरह जूना सोमारिया वीर दुर्गादास छत्री से लेकर केडी गेट तक फोरलेन सड़क और गोंसा रोड पर क्षिप्रा नदी पर नया फोरलेन पुल बनाने की योजना पर भी उन्होंने अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए। यह नया पुल 150 मीटर लंबा और 16 मीटर चौड़ा होगा, साथ ही इसके समानांतर एक पैदल पुल भी बनाया जाएगा।
19 नए पुल और आरओबी बनेंगे
लोक निर्माण विभाग (ब्रिज) की ओर से सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में 477.11 करोड़ रुपये की लागत से 19 पुल और आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर ने इन सभी कार्यों की प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग करने की बात कही।
अधिकारियों की मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग और ब्रिज विभाग के कार्यपालन यंत्री, एसडीओ आर. के. कटारिया और प्रफ्फुल जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।