- संत रविदास जयंती पर उज्जैन में एक साथ जुटे संत और समाज, 2121 दीपकों की रोशनी में जगमगाया शिप्रा तट
- महाकाल मंदिर पहुंचीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा, मीडिया से बोलीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष— नाम में भगवान जोड़ना काफी नहीं, सवाल ये है कि काम क्या किया जा रहा है
- उज्जैन में शिप्रा आरती को मिलेगा नया स्वरूप, रामघाट को वैश्विक पहचान देने की तैयारी; रोज होने वाली शिप्रा आरती बनेगी धार्मिक पर्यटन का केंद्र
- सुबह की पहली घंटी के साथ खुले महाकाल के पट, भस्म आरती में दिखा राजा स्वरूप
- महाकाल दरबार में भस्म आरती की अलौकिक छटा: सभा मंडप से गर्भगृह तक विधिविधान के साथ संपन्न हुई आराधना, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उज्जैन में हथियारबंद बदमाश पुलिस की नाक के नीचे से अस्पताल से हुआ फरार: मेडिकल के बहाने पुलिस को चकमा देकर भागा हिस्ट्रीशीटर, मचा हड़कंप!
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में पुलिस की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नीलगंगा थाना क्षेत्र में रविवार रात हथियार के साथ पकड़े गए एक कुख्यात बदमाश को पुलिस अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए लाई थी, लेकिन वहां से वह पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया। यह घटना न सिर्फ पुलिस की गंभीर चूक को उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अपराधियों के हौसले किस हद तक बुलंद हैं।
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने जानकारी दी कि आरोपी का नाम विशाल है, जो उज्जैन के धन्नालाल की चाल इलाके का रहने वाला है। उसे हरी फाटक चौराहा क्षेत्र से चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उसे चरक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर गई, उसी दौरान वह पुलिसकर्मियों की लापरवाही का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि मेडिकल प्रक्रिया के दौरान पुलिस का ध्यान जैसे ही भटका, विशाल तेजी से अस्पताल से निकलकर फरार हो गया।
इस घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। तुरंत ही सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने वायरलेस पर सूचना प्रसारित की और वरिष्ठ अधिकारियों को भी तत्काल घटना से अवगत कराया गया। यह घटना उज्जैन शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
खास बात यह है कि फरार आरोपी विशाल पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, और पुलिस उसकी हिस्ट्री शीट तैयार करने की प्रक्रिया में थी। यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी के फरार होने के पीछे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि और पहले से नियोजित भागने की योजना हो सकती है। अब पुलिस न केवल आरोपी की तलाश में जुटी है, बल्कि इस चूक में शामिल लापरवाह पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।
एडिशनल एसपी पराशर ने दावा किया है कि “आरोपी को जल्द ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा,” लेकिन सवाल यह है कि जब एक हथियारबंद और हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पकड़ने के बाद भी पुलिस उसे सुरक्षित रूप से मेडिकल तक नहीं ले जा सकी, तो उसकी दोबारा गिरफ्तारी कितनी मुश्किल होगी?