- संत रविदास जयंती पर उज्जैन में एक साथ जुटे संत और समाज, 2121 दीपकों की रोशनी में जगमगाया शिप्रा तट
- महाकाल मंदिर पहुंचीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा, मीडिया से बोलीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष— नाम में भगवान जोड़ना काफी नहीं, सवाल ये है कि काम क्या किया जा रहा है
- उज्जैन में शिप्रा आरती को मिलेगा नया स्वरूप, रामघाट को वैश्विक पहचान देने की तैयारी; रोज होने वाली शिप्रा आरती बनेगी धार्मिक पर्यटन का केंद्र
- सुबह की पहली घंटी के साथ खुले महाकाल के पट, भस्म आरती में दिखा राजा स्वरूप
- महाकाल दरबार में भस्म आरती की अलौकिक छटा: सभा मंडप से गर्भगृह तक विधिविधान के साथ संपन्न हुई आराधना, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
महाकाल मंदिर पहुंचीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा, मीडिया से बोलीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष— नाम में भगवान जोड़ना काफी नहीं, सवाल ये है कि काम क्या किया जा रहा है
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन प्रवास पर आईं अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने सोमवार को अपने दौरे की शुरुआत धार्मिक आस्था के साथ की, लेकिन मंदिर से बाहर आते ही उनका लहजा पूरी तरह राजनीतिक हो गया। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन और ध्यान के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर तीखे आरोप लगाए।
अलका लांबा ने मंदिर परिसर में पहले नंदी हाल और फिर देहरी से भगवान महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद वे नंदी मंडपम में बैठीं और कुछ समय तक ध्यान लगाया। दर्शन के बाद मंदिर के बाहर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने सरकार और खास तौर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को अपने निशाने पर लिया।
“नाम भगवान का, काम अपराध से जुड़ा”
मीडिया से बातचीत में अलका लांबा ने कहा कि किसी नेता के नाम में भगवान का नाम जुड़ जाना ही पर्याप्त नहीं होता। असली सवाल यह होता है कि वह व्यक्ति समाज के लिए क्या कर रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का नाम लेते हुए कहा—
“भगवान के नाम को अपने नाम में जोड़ लेना काफी नहीं होता, सवाल यह है कि काम क्या किया जा रहा है। आज जिन मंत्री का नाम कैलाश है, उनका काम पाप और अपराध से जुड़ा हुआ दिखाई देता है।”
उन्होंने आगे कहा कि भगवान शिव ने सृष्टि और मानवता की रक्षा के लिए विष पिया और नीलकंठ कहलाए, लेकिन आज सरकार में एक मंत्री ऐसे हैं जो विष पीने के बजाय समाज में जहर फैला रहे हैं। अलका लांबा ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान और गतिविधियां समाज को बांटने और नफरत फैलाने का काम कर रही हैं।
ऑटो पर दिखे विज्ञापन को बताया शर्मनाक
अलका लांबा ने एक और गंभीर मामला उठाते हुए बताया कि इंदौर से उज्जैन के बीच यात्रा के दौरान उन्होंने एक ऑटो के पीछे ऐसा विज्ञापन देखा, जिसमें एक ऐसे व्यक्ति का प्रचार किया जा रहा था, जिसे नाबालिग बेटियों के बलात्कार और हत्या के मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है और जो उम्रकैद की सजा काट रहा है।
उन्होंने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि इस तरह के अपराधियों को सार्वजनिक रूप से हीरो की तरह पेश करना समाज के लिए खतरनाक संकेत है।
महिलाओं की सुरक्षा के खिलाफ मानसिकता का आरोप
अलका लांबा ने कहा कि अपराधियों का महिमामंडन महिलाओं की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी मानसिकता समाज में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा करती है। महिला कांग्रेस इस तरह की सोच और अपराधियों के समर्थन के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी स्तर पर सम्मान या प्रचार देना स्वीकार नहीं किया जा सकता।