- संत रविदास जयंती पर उज्जैन में एक साथ जुटे संत और समाज, 2121 दीपकों की रोशनी में जगमगाया शिप्रा तट
- महाकाल मंदिर पहुंचीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा, मीडिया से बोलीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष— नाम में भगवान जोड़ना काफी नहीं, सवाल ये है कि काम क्या किया जा रहा है
- उज्जैन में शिप्रा आरती को मिलेगा नया स्वरूप, रामघाट को वैश्विक पहचान देने की तैयारी; रोज होने वाली शिप्रा आरती बनेगी धार्मिक पर्यटन का केंद्र
- सुबह की पहली घंटी के साथ खुले महाकाल के पट, भस्म आरती में दिखा राजा स्वरूप
- महाकाल दरबार में भस्म आरती की अलौकिक छटा: सभा मंडप से गर्भगृह तक विधिविधान के साथ संपन्न हुई आराधना, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बड़नगर: प्याज के दाम को लेकर पिता-पुत्र में विवाद, बेटे ने पेट्रोल डालकर लगाई आग – मां और पोती ने बचाई जान
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्याज के दाम को लेकर हुए विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि बेटे ने गुस्से में अपने ही पिता को जिंदा जलाने की कोशिश कर डाली। समय रहते मां और पोती ने कंबल डालकर आग पर काबू पाया, जिससे बुजुर्ग की जान बच सकी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना ग्राम जाफला की है, जहां 18 अगस्त को भूरे सिंह हाड़ा का बड़ा बेटा राजेंद्र सिंह 10 कट्टे प्याज लेकर बदनावर मंडी गया था। मंडी में प्याज का दाम बेहद कम मिला, जिसके चलते उसने सिर्फ पांच कट्टे प्याज बेचे और बाकी पांच कट्टे वापस घर ले आया। जब वह घर पहुंचा तो पिता भूरे सिंह ने आधा माल बेचने पर आपत्ति जताई और कहा कि इतनी कम कीमत पर प्याज बेचने का कोई फायदा नहीं है। इसी बात पर दोनों के बीच बहस छिड़ गई।
पुलिस के मुताबिक, बहस के दौरान आरोपी राजेंद्र इतना गुस्से में आ गया कि उसने घर में रखी पेट्रोल की बोतल उठाई और पिता के चेहरे पर उड़ेल दी। इसके बाद लाइटर जलाकर आग लगा दी। अचानक आग की लपटें उठीं और चीख-पुकार मच गई। पिता भूरे सिंह दर्द से तड़पने लगे। तभी मां चंदा बाई और पोती दौड़ीं और तुरंत कंबल डालकर किसी तरह आग बुझाई। ग्रामीणों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद आरोपी ने घरवालों को फिर से धमकी दी कि यदि भविष्य में किसी ने प्याज की कीमत या बिक्री के बारे में सवाल किया तो वह जान से खत्म कर देगा। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मां चंदा बाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पेट्रोल की बोतल और लाइटर भी बरामद किए गए हैं। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उज्जैन ग्रामीण एएसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि आरोपी राजेंद्र पर पहले से ही तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास भी पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज है। इस घटना के बाद भी उस पर धारा 118(2), 296 और 351(3) के तहत गंभीर प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।