- संत रविदास जयंती पर उज्जैन में एक साथ जुटे संत और समाज, 2121 दीपकों की रोशनी में जगमगाया शिप्रा तट
- महाकाल मंदिर पहुंचीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा, मीडिया से बोलीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष— नाम में भगवान जोड़ना काफी नहीं, सवाल ये है कि काम क्या किया जा रहा है
- उज्जैन में शिप्रा आरती को मिलेगा नया स्वरूप, रामघाट को वैश्विक पहचान देने की तैयारी; रोज होने वाली शिप्रा आरती बनेगी धार्मिक पर्यटन का केंद्र
- सुबह की पहली घंटी के साथ खुले महाकाल के पट, भस्म आरती में दिखा राजा स्वरूप
- महाकाल दरबार में भस्म आरती की अलौकिक छटा: सभा मंडप से गर्भगृह तक विधिविधान के साथ संपन्न हुई आराधना, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
अब लड़कों की भी होगी कॉउंसलिंग, ताकि लड़कियों को मिले सुरक्षा
उज्जैन | सिंहस्थ में सेवा देने वाले आईपीएस अफसरों को सिंहस्थ ज्योति मेडल से सम्मानित करने आए डीजीपी ऋषिकुमार शुक्ला ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर चिंता जताई। हर गली-मोहल्ले में बालिकाओं पर हो रहे अपराध के बावजूद पुलिस विभाग का बचाव करते हुए कहा प्रदेश में बालिकाएं सुरक्षित हैं। असुरक्षित माहौल का एहसास हो तो पुलिस को सूचना दें। जिस भी जगह बालिका होगी, पुलिस तुरंत पहुंचकर मदद करेगी।
डीजीपी ने यह भी कहा कि केवल महिलाओं और बालिकाओं के स्कूलों में जाकर सुरक्षा के लैक्चर देना अपनी जगह है। अब जरूरत है लड़कों की काउंसिलिंग की जाए। उन्हें बालिका सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी जाए। हर पुरुष को महिला सुरक्षा के दायित्व का संकल्प लेना होगा। प्रेस से डीजीपी शुक्ला ने कहा सिंहस्थ में 300 से अधिक पुलिस अफसरों ने सेवाएं दी थी। जनवरी 2017 में अफसरों को पदक दिया जा चुका है लेकिन कुछ अफसर व्यस्तता के चलते नहीं आ पाए थे। उन्हें मंगलवार को पदक दिया।
अफसरों से कहा- जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरे
डीजीपी शुक्ला ने पुलिस अफसरों से कहा वर्दी के विभाग के साथ यह चुनौती है कि उन्हें विपरीत माहौल में काम करना पड़ता है। सिंहस्थ में जो धैर्य और निष्ठा से आपने काम किया है, उसे हमेशा बनाए रखे। जनता को जो अपेक्षाएं हैं, उन पर खरा उतरें। हमें रोजाना एक व्यक्ति की मदद करना चाहिए।
10 हजार पुलिसकर्मी ट्रेनिंग के बाद थानों पर पदस्थ होंगे
पुलिस बल की कमी के सवाल पर डीजीपी ने बताया 10 हजार आरक्षकों की भर्ती की है, जो ट्रेनिंग के बाद थानों पर पदस्थ किए जाएंगे। अगले साल फिर पुलिस भर्ती आयोजित की जाएगी। मध्यप्रदेश पुलिस में फोर्स की कमी जल्द दूर की जाएगी।
सबसे ज्यादा शिकायतें पारिवारिक विवाद की
डीजीपी ने महिला उत्पीड़न के सवाल पर कहा पुलिस थाने और डायल-100 पर सबसे ज्यादा शिकायतें पारिवारिक विवाद की आती हैं। परिवार में शांति स्थापित करने के लिए पुरुषों को परिवार के दायित्व की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
पूरे प्रदेश के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा महिला हेल्प लाइन नंबर 1090 पूरे प्रदेश के लिए है। कहीं भी बालिकाएं और महिलाओं के सामने विपरीत परिस्थिति आए तो वे इस नंबर पर कॉल कर सकती हैं। पुलिस तुरंत उसी स्थान पर पहुंचकर मदद करेगी।
सिंहस्थ में सेवा देने वाले आईपीएस अफसरों को मंगलवार सुबह डीजीपी ऋषिकुमार शुक्ला ने सिंहस्थ ज्योति पदक से सम्मानित किया। वरिष्ठ आईपीएस राकेश गुप्ता, आईपी कुलश्रेष्ठ, आदित्य प्रताप सिंह, राजेश्वर प्रसाद सिंह और आरएस परिहार सहित 37 आईपीएस को पदक दिए गए। एडीजी वी मधुकुमार ने बताया सिंहस्थ में 300 से ज्यादा आईपीएस अधिकारियों ने सेवा दी थी। इन्हें मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया था। जनवरी में हुए आयोजन में जो अफसर नहीं पहुंच पाए थे, उन्हें मंगलवार को डीजीपी ने पदक भेंट किए। आभार डीआईजी रमनसिंह सिकरवार ने माना।