सिंहस्थ 2028 से पहले कार्रवाई तेज: उज्जैन में 4 अवैध निर्माण ढहाए, 3 को मिला 2 दिन का समय

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के बीच प्रशासन अब अवैध निर्माणों पर सख्ती दिखा रहा है। मंगलवार को नगर निगम ने प्रतिबंधित क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार अधूरे मकानों को ध्वस्त कर दिया। वहीं तीन मकान मालिकों को स्वयं निर्माण हटाने के लिए दो दिन की मोहलत दी गई है।

प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति हो रहा था निर्माण

नगर निगम के जोन क्रमांक-1 के अंतर्गत आने वाले सिंहस्थ क्षेत्र में, उन्हेल नाके के आसपास कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति मकान बनाए जा रहे थे। कई जगहों पर निर्माण कार्य जारी था, जिस पर निगम ने निगरानी के बाद कार्रवाई शुरू की।

जेसीबी के जरिए हटाए गए अधूरे मकान

कार्रवाई के दौरान नगर निगम की रिमूवल टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की मदद से उन निर्माणों को गिराया गया, जिनमें अभी छत नहीं डाली गई थी। इस कार्रवाई में कुल चार मकान ढहाए गए।

20 निर्माण चिह्नित, चरणबद्ध कार्रवाई जारी

नगर निगम उपायुक्त संतोष टैगोर ने बताया कि सिंहस्थ क्षेत्र में अब तक 20 अवैध निर्माणों की पहचान की गई है। इन पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है, ताकि पूरे क्षेत्र को नियमों के अनुसार व्यवस्थित किया जा सके।

तीन परिवारों को दी गई अस्थायी राहत

जिन तीन मकानों में लोग रह रहे थे, उन्होंने घर खाली करने के लिए समय मांगा। इस पर प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें दो दिन का समय दिया है। तय समय के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सिंहस्थ के लिए क्षेत्र खाली रखना जरूरी

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ मेले की व्यवस्थाओं के लिए इस क्षेत्र का खाली और व्यवस्थित होना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें।

Leave a Comment