- बंगाल के रुझानों का असर उज्जैन तक: भाजपा की बढ़त पर बंगाली कॉलोनी में उत्सव, ढोल-नगाड़ों के साथ मना जश्न
- सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज: उजरखेड़ा-मोहनपुरा रोड पर हाईटेक मशीन से बन रही सीसी सड़क, कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
- महाकाल मंदिर में तड़के भस्म आरती: स्वस्ति वाचन के बाद खुले पट, राजा स्वरूप में दिए दर्शन
- 40° के पार तापमान, फिर भी नहीं थमी आस्था: महाकाल में रोज 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु; पहली बार महाकाल लोक में शुरू हुआ फोगिंग सिस्टम
- उज्जैन की 5 माह की बच्ची SMA-1 से जूझ रही: 15 करोड़ के इंजेक्शन के लिए जंग, सोनू सूद ने बढ़ाया हाथ; भोपाल एम्स में चल रहा इलाज
बंगाल के रुझानों का असर उज्जैन तक: भाजपा की बढ़त पर बंगाली कॉलोनी में उत्सव, ढोल-नगाड़ों के साथ मना जश्न
उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में राजनीतिक हलचल के साथ उत्साह का माहौल भी बना दिया है। इसका असर उज्जैन में भी साफ तौर पर देखने को मिला, जहां भाजपा की बढ़त की खबर मिलते ही बंगाली कॉलोनी में जश्न शुरू हो गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृहनगर में स्थित इस कॉलोनी में दोपहर होते-होते माहौल पूरी तरह उत्सवी रंग में रंग गया। सोमवार दोपहर से ही बंगाली समाज के लोग घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर एकत्र होकर खुशी जाहिर करने लगे।
ढोल की थाप पर नाचा पूरा मोहल्ला
जैसे-जैसे रुझानों में भाजपा की स्थिति मजबूत होती दिखी, वैसे-वैसे जश्न का स्वर भी तेज होता गया। कॉलोनी में ढोल-नगाड़ों की आवाज गूंजने लगी और युवक-युवतियों से लेकर बुजुर्गों तक ने नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया।
हाथों में तिरंगा और पार्टी के झंडे लिए लोग एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए। मिठाइयों का दौर भी चलता रहा और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह
इस मौके पर उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी भी जश्न में शामिल हुए। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खुशी साझा की। इस दौरान उन्होंने शंख बजाया, झांझ-मंजीरे भी बजाए और उपस्थित लोगों को मिठाइयां बांटीं।
‘बदलाव की उम्मीद’ के रूप में देखा जा रहा जश्न
कॉलोनी के कई निवासियों ने इस मौके को सिर्फ राजनीतिक बढ़त तक सीमित नहीं माना, बल्कि इसे संभावित बदलाव के संकेत के रूप में देखा।
स्थानीय निवासी अनीता चक्रवर्ती ने कहा कि वे इस दिन का काफी समय से इंतजार कर रही थीं। वहीं अंकित चक्रवर्ती का मानना है कि अब पश्चिम बंगाल का माहौल बदलेगा और लोग खुलकर जीवन जी पाएंगे।
अभी आधिकारिक नतीजों का इंतजार
हालांकि, चुनाव के अंतिम परिणाम अभी घोषित नहीं हुए हैं, लेकिन शुरुआती रुझानों ने समर्थकों में उत्साह भर दिया है। इसी उत्साह के चलते जश्न का सिलसिला शुरू हो गया।
प्रशासन सतर्क, शाम को और बड़े आयोजन की तैयारी
जश्न के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम भी सक्रिय रही, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने और कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
सूत्रों के अनुसार, शाम के समय शहर के भाजपा लोकशक्ति कार्यालय में भी विशेष आयोजन प्रस्तावित है, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुट सकते हैं।