MBA युवती वैभव छोड़कर बनेगी साध्वी:प्रतिष्ठित परिवार की बेटी सुख-सुविधा छोड़ संयम की राह पर चलेगी

उज्जैन की MBA पास सलोनी जैन साध्वी बनने जा रही है। शहर के प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखने वाली युवती आधुनिक सुख सुविधा और परिवार त्याग कर संयम की राह पर चलेगी। इसके लिए पांच दिवसीय उत्सव शुरू हो चुका है। अब बुधवार को सलोनी सांसारिक जीवन छोड़कर दीक्षा ग्रहण करेगी।

नरेंद्र टॉकीज क्षेत्र निवासी ज्वेलरी व्यवसायी विमल भंडारी एवं पूजा भंडारी कि एमबीए शिक्षित 25 वर्षीय सलोनी भंडारी सांसारिक सुखों का त्याग कर जैन साध्वी दीक्षा अंगीकार करेगी।इसके लिए अरविंद नगर स्थित मनोरमा-महाकाल परिसर में विरती मंडप सजाया गया है। इसमें रोज धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। मंगलवार सुबह 8:30 बजे खाराकुआ स्थित श्री हीर विजय सूरी बड़ा उपाश्रय मंदिर से वर्षी दान वरघोड़ा निकला, जिसमें सलोनी ने हाथी पर बैठकर सांसारिक वस्तुओं के त्याग स्वरूप विभिन्न सामग्रियां लुटाई।

इससे पहले, महोत्सव अंतर्गत सोमवार सुबह वस्त्र रंगोत्सव विधि हुई तो दोपहर में महिला सांझी कार्यक्रम दौरान शहर के विभिन्न महिला मंडलों ने धार्मिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। वही शाम में सलोनी की शीर्षक के साथ वधावणा कार्यक्रम हुआ। महोत्सव समिति के संजय भंडारी एवं डॉ. राहुल कटारिया के अनुसार परम पूज्य आचार्य मतिचंद्र सागर सुरीश्वर जी मसा, अध्यात्म योगी गणिवर्य आदर्श रत्न सागर जी मसा, युवा मुनि अक्षत रत्न सागर जी मसा व साध्वी मुक्ति दर्शना श्रीजी मसा की निश्रा में वस्त्र रंगों से कार्यक्रम हुआ और मंगलवार सुबह शहर में विराजित सभी साधु साध्वी की निश्रा में भव्य वर्षीदान वरघोड़ा नगर के प्रमुख मार्गो से होकर अरविंद नगर विरती मंडप पंहुचा था।

कार्यक्रम के दौरान सलोनी

बुधवार को मुख्य दीक्षा

मुमुक्षु सलोनी दीक्षा लेने उपरांत सभी सांसारिक रीति रिवाज से दूर हो जायेगी। संगीत प्रस्तुति के साथ उसका विदाई कार्यक्रम होगा। वहीं बुधवार सुबह 8.30 बजे से मुख्य दीक्षा विधि आरंभ होगी। हजारों समाजजनों के साक्षी में सलोनी नारी के सोलह श्रृंगार व वैभव त्याग कर साध्वी दीक्षा ग्रहण करेगी।

Leave a Comment