23 अप्रैल से शुरू होगी पंचक्रोशी यात्रा: उज्जैन कलेक्टर और एसपी ने बाइक से किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा पर दिए निर्देश

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में पंचक्रोशी यात्रा आगामी 23 अप्रैल से प्रारंभ होगी, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुट गया है। यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि वे 15 अप्रैल तक अपने सभी कार्य पूर्ण कर लें और इसकी लिखित रिपोर्ट जिला पंचायत उज्जैन को सौंपें।
ऐसे में यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने एक अनोखे अंदाज में निरीक्षण किया। दोनों अधिकारी खुद बाइक पर सवार होकर अलग-अलग पड़ावों पर पहुंचे और यात्रा मार्ग का गहन निरीक्षण किया। भीषण गर्मी के बावजूद दोनों अधिकारियों ने हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन किया और यात्रा मार्ग पर यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने व्यापार मेले से खरीदी नई बाइक, एसपी संग बाइक पर किया निरीक्षण
बता दें, इस बार उज्जैन में लगे व्यापार मेले से कलेक्टर नीरज सिंह ने अपने लिए एक नई बाइक खरीदी है। इसी नई बाइक का आनंद लेते हुए एसपी प्रदीप शर्मा और कलेक्टर ने पंचक्रोशी यात्रा मार्ग का बाइक से दौरा किया।
- सबसे पहले नागचंद्रेश्वर मंदिर पहुंचे
- फिर पिंगलेश्वर, शनि मंदिर, करोहन और नलवा का निरीक्षण किया
- दोनों ने बारी-बारी से बाइक चलाने का आनंद भी लिया
यात्रा मार्ग पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पेयजल, ठहरने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
बता दें, यात्रा के दौरान प्रमुख स्थलों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, LED स्क्रीन के माध्यम से दर्शन की सुविधा दी जाएगी, तथा सफाईकर्मियों और कचरा वाहनों की उचित व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, शनि मंदिर, रणजीत हनुमान, कालभैरव, मंगलनाथ, सिद्धनाथ मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों पर फायर ब्रिगेड, मच्छर उन्मूलन फॉगिंग और पेयजल व्यवस्था की जाएगी।
गौरतलब है कि पंचक्रोशी यात्रा का शुभारंभ 23 अप्रैल से होगा और 27 अप्रैल तक चलेगा। इस 118 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा में प्रदेशभर से हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे, जिनमें बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष सभी शामिल रहेंगे। यह यात्रा उज्जैन के चारों दिशाओं में स्थित पांच प्रमुख शिव मंदिरों के दर्शन और पूजन-अर्चन के साथ पूर्ण होगी। यात्रा के समापन पर श्रद्धालु शिप्रा नदी में पवित्र स्नान करेंगे, जिसे धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु पिंगलेश्वर महादेव, कायावरोहणेश्वर महादेव, विल्वेश्वर महादेव, दुर्धरेश्वर महादेव और नीलकंठेश्वर महादेव के दर्शन करेंगे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के ठहरने और विश्राम के लिए 5 मुख्य पड़ाव और 2 उप-पड़ाव बनाए गए हैं, ताकि वे इस कठिन यात्रा के दौरान आराम कर सकें। प्रमुख पड़ावों में पिंगलेश्वर, करोहन, नलवा, अम्बोदिया, केडी पैलेस शामिल हैं, जबकि उप-पड़ाव जेथल और उंडासा में होंगे।
यात्रा की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने स्वयं बाइक से यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, छायादार स्थान, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि इस भीषण गर्मी में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस सेवाएं, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मार्ग पर तैनात रहेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके।
इस वर्ष पंचक्रोशी यात्रा की तैयारियों में प्रशासन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली है। पहली बार प्रशासन ने बाइक से यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया है, जिससे यात्रा मार्ग की हर छोटी-बड़ी जरूरतों को समझने और पूरा करने की योजना बनाई गई है।