19 सितंबर को उज्जैन आएंगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, नगर निगम ने शुरू की तैयारी; राष्ट्रपति के पूरे मार्ग को किया जाएगा सुसज्जित

उज्जैन लाइव, उज्जैन, श्रुति घुरैया:

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू 19 सितंबर को इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। दीक्षांत समारोह में उनके साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी होंगे। ख़ास बात यह है कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू इस दौरान उज्जैन आएंगी। यहाँ वे भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगी।

ऐसे में नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक के निर्देश पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के पूरे मार्ग को सुसज्जित किया जा रहा है। मार्ग का सौंदर्यीकरण, सड़कों का डामरीकरण, पैचवर्क किया जा रहा है। हरे-भरे पेड़-पौधे जहां लगे हैं, उनकी कटाई-छंटाई की जा रही है। जगह-जगह रंगरोगन भी किया जा रहा है और डिवाइडर से लेकर पुल आदि को सुसज्जित किया जा रहा है।

इससे पहले शुक्रवार को संभागायुक्त संजय गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक संतोष कुमार सिंह की उपस्थिति में राष्ट्रपति मुर्मू के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह द्वारा राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई है। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि महामहिम के उज्जैन आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए ड्रोन सहित 2000 अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जा रहा है। शहर के होटल, लॉज, ढाबे की चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। हेलीपेड पर सुरक्षा के सभी उपाय किए जा रहे हैं।

वहीं, कलेक्टर नीरज सिंह ने लोक निर्माण विभाग को उज्जैन हेलीपैड के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल रुद्राक्ष होटल परिसर और श्री महाकालेश्वर मंदिर में बैरिकेडिंग व्यवस्था शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में आकर्षक सजावट की जाए। अग्निशमन की भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। एमपीईबी फायर सेफ्टी ऑडिट कर सर्टिफिकेशन दें। चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रहे। सीएमएचओ द्वारा सीनियर डॉक्टर्स की ही ड्यूटी लगाई जाएं। इस दौरान कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने दायित्वों के संबंध में भी निर्देशित किया।

माना जा रहा है कि राष्ट्रपति श्री महाकाल लोक का अवलोकन करते हुए भगवान महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचेंगी। इसी बीच जानकारी मिली है कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन रोड का भूमिपूजन करेंगी और उसके बाद स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करेंगी। हालांकि अभी उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम आना बाकी है। वहीं, राष्ट्रपति के आने-जाने के लिए मार्ग का निर्धारण कर अंतिम निर्णय राष्ट्रपति भवन से आने वाले स्टाफ द्वारा लिया जाएगा।

बता दें, राष्ट्रपति के आगमन को लेकर महाकाल मंदिर समिति ने भी खास तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रपति के आगमन पर मंदिर समिति द्वारा मंदिर के नंदीहाल और गर्भगृह को फूलों से सजाया जाएगा। राष्ट्रपति जिस प्रवेश द्वार से प्रवेश करेंगी, उस मार्ग से मंदिर के अंदर तक फूलों से सजावट करने के साथ ही रेड कारपेट बिछाया जाएगा।

बता दें, राष्ट्रपति पहली बार उज्जैन ज्योर्तिलिंग महाकालेश्वर के दर्शन के लिए आ रही हैं। इसके लिए मंदिर में उनके आने वाले प्रवेश द्वार से मंदिर तक सजावट की जाएगी। वहीं भगवान महाकाल के गर्भगृह और नंदी हॉल में फूलों से सजावट करने के निर्देश मंदिर प्रशासन के अधिकारियों ने दिए हैं।

Leave a Comment